रियो ओलंपिक 2016 की रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु के लिए साल 2017 भी बेहतरीन रहा है। अब इस साल के अंत में उन्हें एक और खुशखबरी मिली है।
सिंधु की तस्वीर फोर्ब्स इंडिया के साल 2017 की कवर पेज पर छपी है। फोर्ब्स ने 100 सबसे ज्यादा कमाऊ भारतीय हस्तियों की सूची जारी की है। इसमें पीवी सिंधु शामिल होने वाली भारत की सबसे युवा हस्ती बन गई है।
सिंधु ने साल 2017 में 57.25 करोड़ रूपये कमाए हैं। इस सूची में वह 21वें नंबर पर हैं जबकि महिलाओं में वह तीसरे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा महिलाओं में पहले पायदान पर हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर फिल्मी दुनिया के 'दबंग' सलमान खान हैं।
#ForbesIndiaCeleb100 | Ace badminton player @Pvsindhu1 is our cover girl for the 2017 Forbes India Celebrity issue. She's also the youngest celebrity on our list #Celebrity100pic.twitter.com/nxeyjJ1XuP
— Forbes India (@forbes_india) December 22, 2017
सिंधु के अलावा दो और हस्ती बैडमिंटन की दुनिया के हैं जिन्होंने इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। सिंधु के अलावा साइना नेहवाल जिनकी कमाई साल 2017 में 6.13 करोड़ है वह 29वें स्थान पर हैं और किदांबी श्रीकांत जिनकी कमाई 6.13 करोड़ है वह 83वें पायदान पर हैं।
फोर्ब्स ने 5 अलग-अलग हस्तियों के साथ 5 अलग कवर पेज बनाए हैं, जिसमें 3 महिलाएं और 2 पुरुष अभिनेता शामिल किए गए हैं। 3 महिलाओं में 2 अभिनेत्री (प्रियंका चोपड़ा और अनुष्का शर्मा) और एक खिलाड़ी (पीवी सिंधु) हैं, जबकि अभिनेताओं में शाहिद कपूर और राजकुमार राव को कवर पेज पर जगह मिली है।