इस साल के राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड और अर्जुन अवॉर्ड की घोषणा कर दी गई है। हॉकी के मशहूर खिलाड़ी सरदार सिंह और रियो पैरालम्पिक में गोल्ड जीतने वाले जेवलिन थ्रोअर देवेंद्र झाझरिया को इस बार संयुक्त रूप से खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
अपने करियर में दो बार पैरालम्पिक में गोल्ड जीतने वाले देवेंद्र पहले ऐसे पैरालम्पियन हैं जिन्हें खेल का यह सर्वोच्च पुरस्कार दिया जाएगा। देवेंद्र रियो के अलावा 2004 में एथेंस में भी इस स्पर्द्धा में गोल्ड जीत चुके हैं।
इसके साथ ही अर्जुन अवॉर्ड के लिए भी 17 खिलाड़ियों की घोषणा हो गई है। क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा, हरमनप्रीत कौर, पैरालम्पियन मरियप्पन थांगावेलू सहित गोल्फ खिलाड़ी शिव चौरसिया का नाम इस लिस्ट में शामिल है। अर्जुन पुरस्कार समिति की बैठक में गुरुवार को यह फैसला लिया गया।
हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह के नाम भी कई उपलब्धियां हैं। उनकी अगुवाई में हॉकी की टीम ने 2015 के हॉकी वर्ल्ड लीग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उन्हें 2015 में पद्मश्री से भी नवाजा गया था।
यह भी पढ़ें: बैडमिंटन: प्रणॉय और सौरभ वर्मा न्यूजीलैंड ओपन के क्वॉर्टर फाइनल में
हरमनप्रीत को हाल ही में आयोजित हुई आईसीसी महिला विश्व कप प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए इस पुरस्कार से नवाजा गया है। उन्होंने सेमीफाइनल में छह बार की विश्व कप विजेता आस्ट्रेलिया के खिलाफ 115 गेंदों में 171 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
थंगावेलु ने रियो डी जनेरियो में पिछले साल आयोजित हुए पैरालम्पिक खेलों में भारत के लिए पुरुषों की टी-41 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।
तमिलनाडु के रहने वाले थंगावेलु 2004 में एथेंस में हुए ओलम्पिक खेलों के बाद भारत के लिए पैरालम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले एथलीट हैं। उन्हें इससे पहले 25 जनवरी को पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे भारतीय खिलाड़ी पुजारा के लिए यह दोहरी खुशी का मौका है।
वह अपने टेस्ट करियर का 50वां मैच खेल रहे हैं और साथ ही उन्होंने टेस्ट करियर के 4,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। ऐसे में अर्जुन पुरस्कार मिलने की बात उनके लिए सोने पर सुहागा होने से कम नहीं।
HIGHLIGHTS
- पुजारा के लिए दोहरी खुशी, श्रीलंका के खिलाफ 50वां टेस्ट खेलते हुए 4,000 रन किए पूरे
- हरमनप्रीत कौर ने हाल में आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में मचाया था धमाल
- पैरालम्पियन मरियप्पन थांगावेलू ने रियो में जीता था गोल्ड
Source : News Nation Bureau