नई दिल्ली:
हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने देने वाली गुलजार और एआर रहमान की सदाबहार जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। इस बार ये दोनों किसी फिल्म के लिए गाने नहीं लिख रहे, बल्कि पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए टाइटल सांग तैयार कर रहे हैं। इसके बोल हैं-'जय हिंद हिंद, जय इंडिया'। इसे गुलजार ने लिखा है और रहमान इसकी धुन तैयार कर रहे हैं।
इस बात की घोषणा ओडिसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने की है। उन्होंने कहा कि," मुझे खुशी है कि एआर रहमान ओडिशा हॉकी विश्व कप का टाइटल सांग तैयार कर रहे हैं। भुवनेश्वर में उनका लाइव परफॉर्म करना हमारे लिए सम्मान की बात होगी। वे भारत की आवाज हैं और इस गाने के जरिये विश्व कप की आवाज होंगे। हम इस मामले में भी सौभाग्यशाली हैं कि गुलजार साहब ने इसमें अपनी कविता की जादूगरी दिखाई है।"
Odisha CM Naveen Patnaik has announced collaboration with music composer AR Rahman and Gulzar for Odisha Hockey Men's World Cup 2018 title song. (File pic of Odisha CM) pic.twitter.com/1yk8a3TrUg
— ANI (@ANI) September 21, 2018
बता दें कि हॉकी विश्व कप का आयोजन ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में इसी साल 28 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में 16 देश भाग लेंगे। 1982 में मुंबई और 2010 में नई दिल्ली के बाद इस टूर्नामेंट का तीसरी बार भारत में आयोजन हो रहा है।