logo-image

ओलंपिक (हॉकी) : भारत ने जापान को 5-3 से हराया (लीड-1)

ओलंपिक (हॉकी) : भारत ने जापान को 5-3 से हराया (लीड-1)

Updated on: 30 Jul 2021, 08:25 PM

टोक्यो:

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यहां चल रहे टोक्यो ओलंपिक में ग्रुप चरण के पूल ए मुकाबले में जापान को 5-3 से हरा दिया है।

इस जीत के बाद भारत ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहा जबकि विश्व की नंबर-1 टीम ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर रहा।

भारत का पिछले चार दशकों में लीग चरण में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह 1980 मॉस्को ओलंपिक में दूसरे स्थान पर रही थी जब उन्होंने अपना आठवां और आखिरी स्वर्ण पदक जीता था।

भारत की ओर से गुरजंत सिंह ने दो गोल किए जबकि हरमनप्रीत सिंह, शमशेर सिंह और नीलकांत शर्मा ने एक-एक गोल किए। जापान की तरफ से केंटा तनाका, कोटा वातानाबे और काजुमा मुराता ने एक-एक गोल किए।

भारत की तरफ से हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर में 13वें मिनट में गोल कर टीम को शुरूआत की बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में गुरजंत ने 17वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि, जापान ने तुरंत वापसी की ओर तनाका ने 19वें मिनट में गोल कर बढ़त कम कर दी।

इसके बाद वातानाबे ने तीसरे क्वार्टर में 33वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। हालांकि, भारत की ओर से शमशेर ने एक मिनट बाद ही 34 वें मिनट में गोल कर फिर 3-2 की बढ़त बना ली। नीलकांत ने फिर चौथे और अंतिम क्वार्टर में 51वें मिनट में गोल कर स्कोर 4-2 किया।

मैच के अंतिम मिनटों में गुरजंत ने 57 वें मिनट में एक और गोल कर भारत को 5-2 की बढ़त दिलाई। हालांकि, जापान ने भी अंत तक हार नहीं मानी और मुराता ने 59वें मिनट में गोल दाग स्कोर 5-3 कर दिया। निर्धारित समय तक जापान बढ़त हासिल नहीं कर सका और उसे हार का सामना करना पड़ा।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.