Chandrayaan-3: अंतरिक्ष में भारत सफलता की नई ईबारत रच रहा है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र यानी ISRO लगातार स्पेस के क्षेत्र में अपने मिशन के जरिए दुनिया में भारत के नाम का डंका भी बजा रहा है. इस बीच भारत का सबसे बड़ा मिशन मून ( Mission Moon) इन दिनों पूरे विश्व में सुर्खियां बंटोर रहा है. चंद्रयान-3 के जरिए चांद की उस सतह पर पहुंचने की तैयारी हो रही है जहां पर अब तक कोई भी पहुंच नहीं पाया है. ये सतह है चांद का दक्षिण ध्रुव. हालांकि इसके लिए चंद्रयान-2 ने भी कोशिश की थी, लेकिन अंतिम पलों में मिशन को बड़ा झटका लगा और हम लक्ष्य से चूक गए. लेकिन अब चंद्रयान-3 (Chandrayaan 3 Updates) एक बार फिर उम्मीदों को पूरा करने निकला है और इस मिशन के लिए आज यानी 5 अगस्त का दिन काफी अहम है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
यह भी पढ़ें - चांद से कितनी दूरी पर है हमारा चंद्रयान-3, इसरो ने दी अहम जानकारी
चंद्रयान-3 के लिए इसलिए खास है 5 अगस्त
चंद्रयान-3 मिशन कितना खास है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसके पल-पल की जानकारी को सीधा ट्रैक किया जा रहा है यही नहीं ये जानकारी कोई भी आम आदमी घर बैठे भी ले सकता है. लेकिन इन सबके बीच 5 अगस्त का दिन चंद्रयान-3 के लिए बहुत खास है क्योंकि शनिवार की शाम 7 बजे चंद्रयान-3 चांद के ऑर्बिट में एंट्री करेगा.
यही वजह है कि इस वक्त और इस मोमेंट पर ना सिर्फ ISRO की बल्कि पूरे देश की नजरें टिकी होंगी. क्योंकि यहीं से शुरू होगा असली मिशन मून.
चांद के ऑर्बिट में चंद्रयान की एंट्री पर क्या होगा
जब चंद्रयान-3 चांद के ऑर्बिट (Moon Orbit) में एंट्री करेगा तो सबसे पहले इसे अपनी गति को नियंत्रित करना होगा. स्पीड पर काफी हद तक कंट्रोल करने पर ही ये ऑर्बिट में ठीक तरह से ट्रैवल कर पाएगा. दरअसल ऑर्बिट में घुसते ही चंद्रयान-3 चांद के गुरुत्वाकर्षण के संपर्क में आ जाएगा.
इसरो के डायरेक्टर डॉ. एस सोमनाथ की मानें तो चांद के पांच ऑर्बिट हैं. फिलहाल चंद्रयान-3 की एंट्री पहले ऑर्बिटर में होगी. यहां पर गति नियंत्रित की जाएगी और इसके बाद धीरे-धीरे ये अगले ऑर्बिट में प्रवेश करता जाएगा. 17 अगस्त को इसे एक एक गोल ऑर्बिट में एंट्री कराई जाएगी जहां से करीब एक हफ्ते में या पांच दिन में ये चांद पर उतरने की तैयारी करेगा.
आप भी देख सकते हैं चंद्रयान की हर हरकत
चंद्रयान-3 की हर हरकत पर नजर रखना चाहते हैं तो आपको इसरो की ओर से बनाए गए एक खास ऐप लाइव ट्रैकर पर जाना होगा. यहां से आप भी चंद्रयान-3 की मौजूदा स्थिति की जानकारी आसानी ले सकेंगे. तो हो जाइए तैयार शाम 7 बजे के आस-पास चंद्रयान-3 चांद के और करीब पहुंचने वाला है.
HIGHLIGHTS
- चंद्रयान-3 पर टिकी है पूरी दुनिया की नजरें
- 5 अगस्त 2023 का दिन चंद्रयान-3 के लिए है खास
- शनिवार को चांद के ऑर्बिट में होगी चंद्रयान-3 की एंट्री
Source : News Nation Bureau