logo-image

मप्र में चार करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन, राज्य में महाअभियान चलेगा

मप्र में चार करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन, राज्य में महाअभियान चलेगा

Updated on: 22 Aug 2021, 04:30 PM

भोपाल:

मध्य प्रदेश में कोरोना को परास्त करने की मुहिम जारी है। वैक्सीनेशन अभियान तेज गति से चल रहा है और लोगों को जागृत करने की मुहिम जारी है। राज्य में अब तक चार करोड़ लोगों के टीका लगाया जा चुका है, यह अभियान और गति पकडे, इसके लिए दो दिवसीय टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। राज्य में अभी लगभग डेढ करोड़ पात्र लोग टीकाकरण के लिए बचे हुए हैं।

राष्टीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक टीकाकरण डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि जनवरी से शुरू हुए कोविड-19 टीकाकरण अभियान में प्रदेश में अब तक चार करोड़ 49 हजार 969 व्यक्तियों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अब तक हुए वैक्सीनेशन में तीन करोड़ 34 लाख 78 हजार 726 व्यक्तियों को वैक्सीन की प्रथम डोज और 65 लाख 71 हजार 243 व्यक्तियों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है।

प्रदेश में आगामी 25 और 26 अगस्त को वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया जाने वाला है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर इस महाअभियान को कामयाब बनायें। प्रदेश में वैक्सीनेशन महाअभियान के लिए तैयार की गई रणनीति के अनुसार 25 अगस्त को 20 लाख लोगों को पहला और दूसरा डोज, 26 अगस्त को 10 लाख लोगों को दूसरा डोज प्राथमिकता से देने का निर्णय लिया गया है। अगस्त माह में भारत सरकार से प्राप्त करीब 74.7 लाख डोज में से 73.9 लाख की खपत हो चुकी है। प्रदेश में महाअभियान के लिए आवश्यक डोज की व्यवस्था की गई है। प्रदेश की वैक्सीनेशन के लिए पात्र चार करोड़ 48 लाख 90 हजार आबादी में से 3 करोड़ 32 लाख को प्रथम डोज और 64 लाख 90 हजार आबादी को द्वितीय डोज लग चुका है। देश में मध्यप्रदेश, गुजरात के बाद सर्वाधिक वैक्सीनेशन करने वाला प्रांत है।

इस अभियान से धर्म गुरुओं के भी जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विभिन्न धर्मगुरू और समाजसेवी भी इस अभियान से जुड़ जायें तो अच्छी सफलता मिलेगी। प्रदेश में जन-जागरण से सितम्बर माह तक प्रथम डोज के लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करना है। दो दिवसीय महाअभियान में क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य, करीब एक लाख कोरोना वॉलेंटियर्स, 32 हजार मोबलाइजर्स और 3.75 लाख ब्रिगेड सदस्यों के माध्यम से दूसरी डोज के बैकलॉग लाभार्थियों को जुटाने का कार्य किया जायेगा। महाअभियान में सार्थक लाइट एप पर वॉलेंटियर्स का पंजीकरण भी किया गया है।

भाजपा के प्रदेषाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में कोविड के संकट को रोका है। जनता की भागीदारी से यह कार्य आसान हुआ। मध्यप्रदेश के मॉडल की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.