logo-image

झारखंड सरकार ने राज्य में कोरोना से 5142 लोगों की मौत की बात स्वीकारी

झारखंड सरकार ने राज्य में कोरोना से 5142 लोगों की मौत की बात स्वीकारी

Updated on: 17 Dec 2021, 10:25 PM

रांची:

झारखंड सरकार ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि राज्य में कोरोना से 5142 लोगों की मृत्यु हुई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी के एक सवाल पर यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना से मृत लोगों के आश्रित या परिजनों को राज्य सरकार 50-50 हजार रुपये का मुआवजा देगी।

विधानसभा में जानकारी दी गयी कि कोरोना से मृत लोगों के मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर परिजनों को मुआवजा दिया जायेगा। कोरोना से मृत लोगों के परिजनों को अगर मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने में कठिनाई हो रही है, तो इसके लिए जिलों में बनायी गयी कमेटी को जानकारी दे सकते हैं।

जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने विधानसभा में अपनी ही सरकार को इस मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना से हुई मौतों के आंकड़े अधिकारी छिपा रहे हैं। राज्य में 5142 लोगों की कोरोना से मौत की जानकारी दी गयी है, लेकिन यह सही आंकड़ा नहीं है। इससे ज्यादा संख्या में मौतें हुई हैं। इसपर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि आकंड़े सही हैं। इसके बाद भी अगर किन्हीं के पास इन मौतों से अलग जानकारी है तो संबंधित जिले में गठित कमिटी को इसकी जानकारी दे सकते हैं। कांग्रेस विधायक ने कोरोना से मौत पर मिलने वाले मुआवजे की राशि भी बढ़ाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि बिहार में 4-4 लाख रुपए दिए गये हैं, जबकि झारखंड में मात्र 50 हजार रुपये दिये जा रहे हैं। यह नाकाफी है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.