logo-image

ग्लोबल वॉर्मिंग: उत्तरी ध्रुव में तापमान बढ़ने से दुनिया पर मंडराया खतरा

इस समय जहां एक ओर देशवासियों का ध्यान बैंकों से पैसा निकालने में लगा हुआ है। वहीं विज्ञान से जुड़े लोगों का ध्यान आर्कटिक पर लगा हुआ है। उत्तरी ध्रुव औसत से अधिक 20 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

Updated on: 19 Nov 2016, 05:48 PM

highlights

  • उत्तरी ध्रुव औसत से अधिक 20 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया 
  • ग्लोबल वॉर्मिंग की बहसों के बीच ताजा आंकड़ों ने दी पूरी दुनिया को गंभीर चेतावनी 
  • NOAA ने इस साल के अक्टूबर माह को तीसरा सबसे गर्म अक्टूबर बताया

नई दिल्ली:

इस समय जहां एक ओर देशवासियों का ध्यान बैंकों से पैसा निकालने में लगा हुआ है। वहीं विज्ञान से जुड़े लोगों का ध्यान आर्कटिक पर लगा हुआ है। उत्तरी ध्रुव औसत से अधिक 20 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। इसके साथ ही इस साल अक्टूबर में यहां समुद्र में जमी बर्फ अपने अब तक के सबसे कम स्तर पर रिकॉर्ड की गई। ग्लोबल वॉर्मिंग की बहसों के बीच ताजा आंकड़ों ने पूरी दुनिया को गंभीर चेतावनी दी है।

आकर्टिक में होने वाला बदलाव दुनिया के लिए खतरा

नैशनल ओशनिक ऐंड और ऐटमॉसफेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) ने इस साल के अक्टूबर माह को तीसरा सबसे गर्म अक्टूबर बताया है। इस सूची में 2014 पहले और 2015 दूसरे स्थान पर हैं। ग्लोबल वॉर्मिंग को समझने के लिए आर्कटिक काफी अहम है। यहां होने वाले परिवर्तन दुनिया को ग्लोबल वॉर्मिंग की गंभीरता का संकेत देते हैं। असल में आकर्टिक में होने वाला बदलाव दुनिया भर के लिए खतरे की घंटी है।

1981 से 2010 के बीच रिकॉर्ड समुद्रीय बर्फ औसत की तुलना में 28.5 फीसद कम 

उत्तरी ध्रुव पर अभी ध्रुवीय रात्रि का समय चल रहा है। ऐसे वक्त में यहां रातें 24 घंटे से भी लंबी होती हैं। इस समय उत्तरी ध्रुव को सामान्य तौर पर बेहद ठंडा होना चाहिए। गर्मी का मौसम बीतने के बाद अक्टूबर के महीने से यहां समुद्र में बर्फ के जमने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। ऐसा होने की जगह यहां 1981 से 2010 के बीच रिकॉर्ड किए गए समुद्रीय बर्फ की मौजूदगी के औसत की तुलना में 28.5 फीसद बर्फ कम है। यहां बर्फ की मात्रा रिकॉर्ड करने का काम सबसे पहले 1979 में शुरू किया गया था। तब से लेकर अब तक समुद्रीय बर्फ की मात्रा सबसे कम है।

आर्कटिक असाधारण तौर पर काफी लंबे समय तक गर्म रहा 

NOAA के मौसम विज्ञानियों ने बताया कि आर्कटिक असाधारण तौर पर काफी लंबे समय तक गर्म रहा है। अक्टूबर में ग्रीनलैंड के कुछ हिस्सों सहित ग्रीनलैंड में मौजूद बर्फ की परत को औसत से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म पाया गया। वहीं दूसरी ओर अलास्का में NOAA के जलवायु विज्ञान व सर्विसेज मैनेजर रिक थॉमन के अनुसार, 'अलास्का की उत्तरी ढलान पर अक्टूबर महीने के तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है।'