रक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी, 11 वर्षों में 4 गुना वृद्धि

रक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी, 11 वर्षों में 4 गुना वृद्धि

रक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी, 11 वर्षों में 4 गुना वृद्धि

author-image
IANS
New Update
रक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी, 11 वर्षों में 4 गुना वृद्धि

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। भारतीय रक्षा बलों में महिला अधिकारियों को लेकर बीते 11 वर्षों में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आया है। करीब 11 वर्ष पहले यानी 2014-15 तक रक्षा बलों में केवल 3,000 महिला अधिकारी थीं, लेकिन बीते एक दशक में रक्षा बलों में महिला अधिकारियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। रक्षा बलों में महिला अधिकारियों की संख्या अब 11,000 के पार हो चुकी है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, अगस्त 2023 में ही रक्षा बलों में महिला अधिकारियों की संख्या 11,414 तक पहुंच चुकी थी। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन दिया गया है। इसके अलावा लड़कियों के लिए सैनिक स्कूलों के दरवाजे खोले गए हैं। सशस्त्र बलों में महिला सशक्तिकरण के लिए उच्च पदों पर महिला अधिकारियों की नियुक्ति स्वीकृत की जा रही है। पहली बार नेशनल डिफेंस एकेडमी यानी एनडीए से 17 महिला कैडेट्स ने सफलता पूर्वक अपना प्रशिक्षण पूरा किया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भारत ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। सरकार द्वारा चलाई गई अनेक योजनाओं ने महिलाओं को रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के अवसर प्रदान किए। इन सभी प्रयासों ने भारत की नारी शक्ति को आत्मविश्वास, सम्मान और निर्णय की मुख्यधारा में लाकर खड़ा किया है। आज भारत की महिलाएं राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त शक्ति बन चुकी हैं।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जहां विभिन्न देशों में महिला पायलटों की वैश्विक औसत संख्या सिर्फ 5 प्रतिशत है, वहीं भारत में यह आंकड़ा 15 प्रतिशत है। इसके अलावा भारत में 11 प्रतिशत फ्लाइट डिस्पैचर और 9 प्रतिशत एरोस्पेस इंजीनियर्स भी महिलाएं ही हैं। भारत में महिलाओं को सभी क्षेत्रों में व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें फाइटर पायलट, थलसेना में महत्वपूर्ण पद, नौसेना व सेना की मेडिकल सर्विसेज भी शामिल हैं। बीते वर्ष सर्जन वाइस एडमिरल कविता सहाय ने 14 अक्टूबर को नौसेना चिकित्सा सेवा की महानिदेशक के रूप में कार्यभार संभाला।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, वह आर्मी मेडिकल कोर की कर्नल कमांडेंट के रूप में चुनी जाने वाली पहली महिला अधिकारी भी हैं। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक वाइस एडमिरल कविता सहाय प्रतिष्ठित सशस्त्र बल मेडिकल कॉलेज पुणे की पूर्व छात्रा हैं। उन्होंने प्रतिष्ठित एम्स, नई दिल्ली से पैथोलॉजी में विशेषज्ञता और ऑन्कोपैथोलॉजी में सुपर स्पेशलाइजेशन किया है। वाइस एडमिरल कविता सहाय एएचआरआर और बीएचडीसी में प्रयोगशाला विज्ञान विभाग की प्रोफेसर और प्रमुख भी रही हैं। भारतीय सेना नारी शक्ति को कितना महत्त्व देती है, इसकी एक झलक ‘कुमाऊं क्वेस्ट’ मोटरसाइकिल अभियान में भी दिखी।

हिमालय के विशाल पर्वतों व दुर्गम पहाड़ियों से होकर गुजरने वाले इस अभियान का नेतृत्व सेना की एक महिला अधिकारी को सौंपा गया है। 4 दिन पहले ही लेफ्टिनेंट कर्नल अदिति मिश्रा के नेतृत्व में सेना का दल दिल्ली से आदि कैलाश, ओम पर्वत व लिपुलेख जैसे दुर्गम व सुदूर पहाड़ी इलाकों के लिए रवाना हुआ है।

अदिति मिश्रा के नेतृत्व में यह सैन्य दल मोटरसाइकिल से सुदूर पहाड़ियों तक पहुंचेगा। यह कुमाऊं की पहाड़ियों में पर्यटन को बढ़ावा देने, भारतीय विरासत को संरक्षित करने और हिमालय में भारत द्वारा किए गए सकारात्मक विकास को सुदृढ़ करने का मिशन है, जिसका नेतृत्व एक महिला अधिकारी को सौंपा गया है। वहीं, भारतीय नौसेना की दो महिला अधिकारियों लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए ने 50 हजार किलोमीटर से अधिक का समुद्री सफर पूरा कर सागर परिक्रमा की है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीएससी

Advertisment

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

      
Advertisment