मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने राहुल गांधी के मैच फिक्सिंग वाले बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, नीतियों पर विश्वास नहीं है। उन्होंने बस चुनाव आयोग को बदनाम करने की ठान ली है।
रविवार को मीडिया से बातचीत करने के दौरान भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने एक आर्टिकल लिखकर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। उनके लेख का जवाब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी अपने आर्टिकल से दिया है।
दरअसल, देवेंद्र फडणवीस ने एक आर्टिकल के माध्यम से राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हुई पराजय राहुल गांधी को कितनी गहराई से चुभी है, इसका मुझे भलीभांति एहसास है। लेकिन अगर आप लगातार किसानों, हमारी प्यारी बहनों, और आम जनता के जनादेश का अपमान करते रहेंगे, तो जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी।
एक सवाल के जवाब में भाजपा नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी को यह पता नहीं है कि देश में क्या चल रहा है। वह जब विदेश जाते हैं तो भारत की बदनामी करते हैं। देश आते हैं तो यहां चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हैं। अखबारों में आर्टिकल के माध्यम से महाराष्ट्र के लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं। लोगों को गुमराह करना उनका फैशन बन गया है। राहुल गांधी ने आर्टिकल के माध्यम से जनता के जनादेश का अपमान किया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस की स्थिति काफी खराब है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अब समझना चाहिए कि वे चुनाव हार चुके हैं और ऐसे बयानों को देने से पहले आत्ममंथन कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जो नीति है, उसे राहुल गांधी समझ नहीं पाए हैं। उन्हें लोकतंत्र पसंद ही नहीं है, उन्हें बस विदेश में भारत की बदनामी करनी है। अच्छा होगा कि वे देश में रहें और भारत की वर्तमान स्थिति को समझें।
--आईएएनएस
डीकेएम/केआर
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.