logo-image

अनिल की 'रिलायंस कम्युनिकेशन' और मुकेश की 'जियो' में हुआ विलय

अनिल अंबानी ने कहा कि,

Updated on: 16 Oct 2019, 06:34 PM

मुंबई:

अनिल अंबानी ने अपनी कंपनी 'रिलायंस कम्युनिकेशन' और बड़े भाई मुकेश अंबानी की 'रिलायंस जियो' का विलय करने का ऐलान किया है। अनिल अंबानी ने अपनी चार कंपनियों की सालाना बैठक के दौरान ये जानकारी दी।

अनिल अंबानी ने क्या कहा?

अनिल अंबानी ने कहा कि, "अपने पिता धीरूभाई के सपनों को पूरा करने के लिए दोनों भाई एक साथ काम कर रहे हैं। हमारे पास 2जी, 3जी और 4जी स्पेक्ट्रम है। इसके साथ ही स्पेक्ट्रम ट्रेडिंग के साथ और भी समझौते किए गए हैं। व्यवहारिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए रिलायंस कम्‍युनिकेशंस और रिलायंस जियो के बीच आभासी विलय पूरा कर लिया है।"

अनिल अंबानी ने बताया कि उनकी कंपनी ने 4जी सेवाओं को शुरू करने के 90 दिनों के अंदर 10 लाख उपभोक्‍ता जोड़ लिए हैं। मुकेश अंबानी की नई कंपनी रिलायंस जियो इंफोकॉम और रिलायंस कम्युनिकेशन के बीच मोबाइल स्पेक्ट्रम बांटने पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही रिलायंस कम्युनिकेशन के मोबाइल टावर इस्तेमाल करने के लिए पहले ही समझौता हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, इस डील से रिलायंस कम्युनिकेशन को लागत कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, दूसरी टेलिकॉम कंपनियों को मार्केट में बने रहने के लिए स्पेक्ट्रम पर भारी खर्च करना पड़ेगा। अब अंबानी की कंपनी देश के 12 सर्किल में टॉप ऑपरेटर बन जाएगी।

बेटे को बनाया डायरेक्टर

गौरतलब है कि 27 सितंबर को अनिल अंबानी ने अपने बेटे अनमोल को कंपनी का नया डायरेक्टर बनाने की घोषणा की। उन्होंने अपने बेटे को भाग्यशाली बताया और कहा कि जब से अनमोल कंपनी से जुड़े हैं, उनके स्टॉक में 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। ये 'अनमोल प्रभाव' है, जो आगे भी जारी रहेगा।

दोनों भाइयों के बीच चल रही थी अनबन

बता दें कि धीरूभाई अंबानी ने रिलायंस समूह की स्थापना की थी। उनके निधन के बाद कई साल तक उनके दोनों बेटों अनिल और मुकेश के बीच अनबन चल रही थी।