पटना, 11 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को 422 करोड़ रुपये की लागत से बने अशोक राजपथ पर कारगिल चौक (गांधी मैदान) से साइंस कॉलेज तक के डबल डेक फ्लाईओवर की सौगात पटना वासियों को दी। कारगिल चौक के पास आयोजित कार्यक्रम स्थल पर फीता काटकर इसका लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कारगिल चौक से साइंस कॉलेज और साइंस कॉलेज से कारगिल चौक तक डबल डेक फ्लाईओवर का निरीक्षण भी किया। कहा जा रहा है कि इस पथ के निर्माण से अशोक राजपथ में जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुगम होगी। इस डबल डेक फ्लाईओवर का कार्य प्रारंभ जनवरी, 2022 में हुआ था। इस पथ का निर्माण अशोक राजपथ के ऊपर दो लेयर (डेक) में किया गया है, जो गांधी मैदान के पास कारगिल चौक से प्रारंभ होकर पीएमसीएच होते हुए साइंस कॉलेज तक जाता है।
एलिवेटेड कॉरिडोर के ऊपरी डेक की लंबाई 2175.50 मीटर है जो गांधी मैदान से साइंस कॉलेज तक जाता है। यह गांधी मैदान से साइंस कॉलेज की तरफ जाने वाले यातायात के लिए है। नीचे के डेक की लंबाई 1449.30 मीटर है जो पटना कॉलेज से गांधी मैदान की तरफ बीएन कॉलेज मेन गेट तक आता है। नीचे के डेक पटना कॉलेज से गांधी मैदान की तरफ जाने वाले यातायात के लिए है। इस पथ के डेक की चौड़ाई 8.5 मीटर है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने तीन करोड़ से ज्यादा की राशि से बने नवनिर्मित राजकीय उर्दू पुस्तकालय के नए भवन का भी उद्घाटन किया। पुस्तकालय के इस नए भवन के बन जाने से अब पाठकों एवं शोधकर्ताओं को और सहूलियत होगी। बता दें कि राजकीय उर्दू पुस्तकालय, पटना की स्थापना वर्ष 1938 में दो मंजिला भवन में हुई थी, जो अशोक राजपथ के खजांची रोड मोड़ के सामने स्थित है।
यहां उर्दू लिपि के अतिरिक्त हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, फारसी एवं अरबी भाषा में भी किताबें मौजूद हैं। इस पुस्तकालय में लगभग 40 हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.