बिहारशरीफ, 5 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को नालंदा जिले के राजगीर पहुंचे और सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाईवे के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय उच्च पथ 82 पर नवनिर्मित आरओबी का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने यात्रा के क्रम में भूटानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री राजगीर के सिलाव के बेलौआ में आयोजित कार्यक्रम स्थल पहुंचे और 862.63 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा जिला अंतर्गत सालेपुर से नूरसराय-अहियापुर-सिलाव होते हुए एनएच-120 के बेलौआ (राजगीर) तक फोर लेन हाईवे (बौद्ध सर्किट को जोड़ने वाला राजगीर का पर्यटन मार्ग) के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पथ के निर्माण हो जाने से पटना से राजगीर की दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी। इसके बन जाने से राजगीर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर और नालंदा विश्वविद्यालय एवं राजगीर पर्यटन क्षेत्र पहुंचना आसान होगा।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में प्रगति होगी, साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना के माध्यम से बिहटा-सरमेरा राजकीय उच्च पथ, सालेपुर-करौटा पथ, बिहारशरीफ-जहानाबाद राष्ट्रीय उच्च पथ तथा बिहारशरीफ-राजगीर-गया-डुमरांव राष्ट्रीय उच्च पथ आपस में जुड़ जाएंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसके बाद हसनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने 81.37 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 82 के राजगीर रोड ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित ओवरब्रिज का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजगीर के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जिससे लोगों का आवागमन और सुगम हो जाएगा तथा जाम से निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री राजगीर खेल परिसर स्थित स्टेडियम पहुंचे और एशिया रग्बी अंडर 20 चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उत्साहवर्द्धन किया।
--आईएएनएस
एमएनपी/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.