नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सोमवार को शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी की बीमारी और ब्रेन स्ट्रोक से जूझ रहे थे और अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे।
केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने सर गंगा राम अस्पताल पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन, जिन्हें गुरुजी के नाम से जाना जाता था, सभी के लिए मार्गदर्शक थे। उनका निधन झारखंड और पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। संजय सेठ ने उनके नशे के खिलाफ मुखर रुख और सभी वर्गों के प्रति प्रेम को याद किया। उन्होंने प्रार्थना की कि शिबू सोरेन की आत्मा को ईश्वर के चरणों में स्थान मिले।
भाजपा सांसद दीपक प्रकाश ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा झारखंड स्तब्ध है। उन्होंने शिबू सोरेन को एक सफल राजनीतिज्ञ बताया, जिन्होंने झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दीपक प्रकाश ने उन्हें दिशोम गुरु के रूप में याद करते हुए कहा कि वे एक संवेदनशील व्यक्ति थे, जो आदिवासियों और गरीबों की पीड़ा को समझते थे। ईश्वर शिबू सोरेन की आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।
पूर्व सांसद संजीव कुमार ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें नजदीक से देखा और जाना। उन्होंने बताया कि वकील बनने के बाद शिबू सोरेन के लिए निचली अदालतों से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक कई केस लड़े। उन्होंने इसे बहुत दुखद समय बताया और कहा कि अभी हेमंत सोरेन से मुलाकात तो नहीं हो पाई है, लेकिन जितनी जानकारी मेरे पास है, उसके अनुसार, शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को रांची ले जाया जाएगा, जहां परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तिथि तय करेंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.