/newsnation/media/media_files/thumbnails/20250829372F-118559.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
छत्रपति संभाजीनगर, 3 सितंबर (आईएएनएस)। मराठा आरक्षण के मुद्दे पर मुंबई के आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन कालीन अनशन पर बैठे मनोज जरांगे पाटिल ने अपना अनशन तोड़ दिया। इस वक्त वे छत्रपति संभाजीनगर के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि मराठा समाज को जीत मिल गई।
मनोज जरांगे पाटिल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कई सालों से मराठा आरक्षण की लड़ाई चल रही थी, लेकिन अब मराठा समुदाय ने जीत हासिल कर ली है। सरकार की ओर से जो निर्णय लिए गए हैं, उसके पीछे पूरे मराठा समाज का संघर्ष है। मैं सिर्फ नाम के लिए खड़ा था, लेकिन यह जीत पूरे समाज की है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के सभी मराठाओं को आरक्षण मिलेगा, इसमें कोई शक नहीं है। जिनका नाम गैजेट में दर्ज नहीं है, उन्हें आरक्षण से वंचित नहीं किया जाएगा। उनके लिए भी सरकार से प्रयास किए जाएंगे।
मनोज जरांगे ने कहा कि देश को आजादी मिले 75 साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक मराठाओं को न्याय नहीं मिला था। हैदराबाद गैजेट में साफ लिखा है कि कुणबी यानी मराठा ही है।
मुंबई में आंदोलन कर रहे मराठाओं पर दर्ज मामलों को लेकर उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल की है। जब उनसे बातचीत हुई थी, तो उन्होंने आश्वासन दिया था कि आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मामले और चालान वापस लिए जाएंगे।
मनोज जरांगे ने कहा कि अगर किसी पर जुर्माना लगाया गया है, तो उसे भरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मैं आपके साथ खड़ा हूं। मैंने मराठा समाज के लिए अपनी जिंदगी समर्पित कर दी है। उन्होंने कहा कि हमने 50 प्रतिशत से अधिक के आरक्षण की मांग नहीं की है। हम पहले से ही 50 प्रतिशत सीमा के भीतर हैं। ओबीसी आरक्षण की सूची में 73वें नंबर पर कुणबी का उल्लेख है, और हम सभी कुणबी हैं।
--आईएएनएस
डीकेपी/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.