मैत्री-2025 : आतंकवाद के खिलाफ भारत व थाईलैंड के बीच मेघालय में शुरू हुआ अभ्यास

मैत्री-2025 : आतंकवाद के खिलाफ भारत व थाईलैंड के बीच मेघालय में शुरू हुआ अभ्यास

मैत्री-2025 : आतंकवाद के खिलाफ भारत व थाईलैंड के बीच मेघालय में शुरू हुआ अभ्यास

author-image
IANS
New Update
मैत्री-2025 : आतंकवाद के खिलाफ भारत व थाईलैंड के बीच मेघालय में शुरू हुआ अभ्यास

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस) भारत और थाईलैंड की सेनाएं आतंकवाद विरोधी सैन्य अभ्यास को अंजाम दे रही हैं। दोनों देशों के बीच हो रहा यह संयुक्त द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘मैत्री-2025’ भारत के पूर्वोत्तर में स्थित राज्य मेघालय में हो रहा है। यह महत्वपूर्ण अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं द्वारा संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान क्षमता को और अधिक मजबूत करने पर केंद्रित है।

Advertisment

भारतीय सेना के मुताबिक यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र के चैप्टर्स के तहत सेमी-अर्बन इलाके में संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे क्षेत्र में आतंकवाद-रोधी अभियानों में दोनों सेनाओं की इंटरऑपरेबिलिटी, प्रशिक्षण, रणनीति और समन्वय कौशल को और अधिक निखारना है। दोनों देशों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मैत्री’ का यह 14वां संस्करण है। यह सैन्य अभ्यास 14 सितम्बर तक मेघालय के विदेशी प्रशिक्षण केंद्र, उमरोई में जारी रहेगा।

अभ्यास का हिस्सा बनने के लिए थाई सैन्य दल थाईलैंड से सीधे गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पहुंचा था। यहां भारतीय सेना ने रॉयल थाई आर्मी की टुकड़ी का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सैन्य बैंड की धुनों और पारंपरिक सम्मान गारद के साथ मित्र देश की सेना को औपचारिक स्वागत दिया गया।

गौरतलब है कि ‘मैत्री’ श्रृंखला का यह अभ्यास पहली बार 2006 में शुरू हुआ था। तब से यह हर वर्ष भारत और थाईलैंड में बारी-बारी से आयोजित किया जाता रहा है। इस बार लगभग पांच वर्षों के अंतराल के बाद अभ्यास का आयोजन भारत में हो रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस अभ्यास से दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है। अभ्यास के दौरान दोनों सेनाएं संयुक्त गश्त, हथियारों के इस्तेमाल व आतंकियों द्वारा बंधक बनाए गए व्यक्तियों को छुड़ाने के अभ्यास पर फोकस कर रही हैं।

आने वाले दिनों में दोनों देशों की सेनाओं द्वारा आतंकवाद-रोधी ऑपरेशन के विभिन्न अन्य परिदृश्यों का भी अभ्यास किया जाएगा। इसके अलावा, सैनिकों को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा और सैन्य जीवन शैली से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा। भारतीय सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह अभ्यास न केवल दोनों सेनाओं की परिचालन क्षमता को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि भारत-थाईलैंड मैत्री, विश्वास और रणनीतिक साझेदारी को भी नई ऊंचाई देने का काम कर रहा है।

गौरतलब है कि ‘मैत्री-2025’ से जुड़े कार्यक्रमों में संयुक्त प्रशिक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और खेलकूद गतिविधियां भी शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पहले बीते सप्ताह ही भारतीय सेना के जवानों ने अरुणाचल प्रदेश में ‘युद्ध कौशल 3.0’ सैन्य अभ्यास व प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया है। सेना के मुताबिक भारतीय सेना ने युद्ध कौशल 3.0 में मल्टी डोमेन क्षमता ड्रोन सर्विलांस, रियल-टाइम टारगेट व लाइव अटैक का प्रदर्शन किया। अरुणाचल प्रदेश के कामेंग क्षेत्र में यह अभ्यास आयोजित किया गया था। इन अभियानों में ड्रोन निगरानी, रियल टाइम लक्ष्य निर्धारण, सटीक प्रहार, वायु-तटीय प्रभुत्व और समन्वित युद्धक रणनीतियों का सफल प्रदर्शन शामिल रहा।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएस

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Advertisment