logo-image
लोकसभा चुनाव

शोभा डे पुलिस वाले पर ट्वीट कर एक बार फिर विवादों में घिरीं, ओलिंपिक में भी किया था बेतुका कमेंट

मुंबई पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर पेज से ट्वीट किया है, 'मिस डे, हमें भी मजाक पसंद है। लेकिन इस बार बिल्कुल अच्छा नहीं है।

Updated on: 22 Feb 2017, 04:16 PM

नई दिल्ली:

मशहूर लेखिका शोभा डे एक पुलिस वाले की तस्वीर ट्वीट करने पर एक बार फिर से लोगों के निशाने पर आ गई हैं। मुंबई में बीएमसी चुनाव के दौराना शोभा डे ने 21 फरवरी की शाम को एक पुलिस वाले की तस्वीर ट्वीटर पर शेयर करते हुए लिखा,'मुंबई में आज भारी पुलिस बंदोबस्त है!'

शोभा के इस ट्वीट पर मुंबई पुलिस ने एतराज जताया है। मुंबई पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर पेज से ट्वीट किया है, 'मिस डे, हमें भी मजाक पसंद है। लेकिन इस बार बिल्कुल अच्छा नहीं है। यह यूनिफॉर्म या यह पुलिसवाला हमारा नहीं है। हम आप जैसे जिम्मेदार लोगों से हम और भी बेहतर उम्मीद करते हैं।'

सोशल मीडिया पर शोभा डे और मुंबई पुलिस का यह ट्वीट काफी वायरल हो रहा है। कुछ लोगों ने शोभा के पुलिस वालों को मजाक बनाने वाली हरकत को बकवास बताया है। वहीं कुछ लोगों ने तो उनके पिछले विवादित बयानों को याद दिलाते हुए काफी भला बुरा भी कहा है।

शोभा डे ने जिस पुलिस वाले की तस्वीर शेयर की है, वह गूगल पर सबसे अधिक देखी जानी वाली तस्वीरों में से एक है। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह पुलिस वाला कौन है और किस राज्य का है। कुछ लोगों का कहना है कि वह मध्यप्रदेश का पुलिस हैं।

इससे पहले भी शोभा डे के ट्वीट पर इस तरह का विवाद खड़ा हुआ है। इससे पहले रियो ओलंपिक के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के पदक नहीं जीतने पर भी उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा था, 'ओलंपिक में भारतीय टीम के गोल: रियो जाओ, सेल्फी लो, खाली हाथ लौट आओ। यह पैसे और मौकों दोनों की बर्बादी है।'

ये भी पढ़ें: जूते पर 'ओम' के निशान से अमेरिकी ई-कॉर्मस वेबसाइट पर मचा बवाल, दर्ज हुई एफआईआर