/newsnation/media/media_files/thumbnails/20250207041f-430125.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
मुंबई, 31 अगस्त (आईएएनएस)। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने मराठा आरक्षण आंदोलन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मुंबई दौरे को लेकर बयान दिया। उन्होंने मराठा आंदोलन के प्रति सरकार की उदासीनता पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुंबई दौरे पर आए थे और हमें उम्मीद थी कि वह मराठा आरक्षण के आंदोलनकारियों से मुलाकात करेंगे, लेकिन उन्होंने किसी से मुलाकात नहीं की।
राउत ने कहा, पिछले दो दिनों से मुंबई में मराठा समुदाय के हजारों लोग जमा हैं, जो अपने नेता मनोज जरांगे पाटिल के नेतृत्व में आजाद मैदान में भारी बारिश के बीच अनशन और आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन के कारण मुंबई का एक बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है। ऐसे में अमित शाह ने आंदोलनकारियों से मुलाकात करने या उनके मुद्दों को सुलझाने की कोई कोशिश नहीं की।
राउत ने कहा, केंद्रीय गृह मंत्री कश्मीर का मुद्दा सुलझा सकते हैं, अनुच्छेद 370 हटा सकते हैं और संविधान में बदलाव कर सकते हैं। हमें उम्मीद थी कि वह अपने इस दौरे पर मराठा समाज के नेता मनोज जरांगे पाटिल से बातचीत कर कोई हल निकालेंगे, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने मुंबई आकर सिर्फ इतना कहा है कि मुंबई का मेयर भाजपा का होना चाहिए, जो गैर-मराठी हो।
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अपने परिवार के साथ मुंबई के लालबाग के राजा के दर्शन किए थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट भी शेयर किया था। उन्होंने लिखा, मुंबई के लालबाग के राजा के दर्शन मात्र से सारे दुःखों का निवारण हो जाता है। गणपति बाप्पा के इस विराट स्वरूप को देखने के लिए पूरे साल इंतजार रहता है।
इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद थे।
--आईएएनएस
एफएम/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.