रांची, 8 अगस्त (आईएएनएस)। विदेश में बैठकर झारखंड में क्राइम का नेटवर्क चलाने वाले मोस्ट वांटेड सुनील कुमार उर्फ मीणा जल्द ही झारखंड पुलिस के शिकंजे में होगा। मयंक को अजरबैजान की पुलिस ने पिछले साल ही गिरफ्तार किया था, जिसके प्रत्यर्पण की मंजूरी मिल गई है।
विदेश मंत्रालय की ओर से अजरबैजान सरकार को जरूरी कागजात सौंप दिए गए हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर जानकारी दी कि प्रत्यर्पण के बाद सुनील को 23 अगस्त को भारत लाया जाएगा। सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक पिछले चार-पांच वर्षों से झारखंड में दहशत का पर्याय बना हुआ था। वह गैंगस्टर अमन साहू के गिरोह के नाम पर इंटरनेट मीडिया के जरिए झारखंड के कारोबारियों, ठेकेदारों और खनन कंपनियों के अफसरों को थ्रेट कॉल करता था। राज्य में बड़ी वारदातों के बाद वह सोशल मीडिया पर गिरोह की ओर से जिम्मेदारी लेता था।
शुरुआत में पुलिस यह मानती रही कि इस नाम का कोई फर्जी इंसान दहशत फैला रहा है, लेकिन बाद में तकनीकी जांच के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई। झारखंड पुलिस के एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने रामगढ़ जिले के पतरातू (भदानीनगर) थाने में कांड संख्या 175/ 22 के तहत दर्ज एक आपराधिक मामले में उसके खिलाफ साक्ष्य के आधार पर न्यायालय में चार्जशीट समर्पित किया। इसके बाद उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया। इस बीच 29 अक्टूबर 2024 को अजरबैजान की राजधानी बाकू में सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
झारखंड एटीएस के आग्रह पर सीबीआई ने उसके प्रत्यर्पण के लिए कार्रवाई शुरू की। विदेश मंत्रालय के सहयोग से अजरबैजान सरकार को प्रत्यर्पण दस्तावेज भेजे गए। 27 जनवरी 2025 को अजरबैजान की अदालत ने प्रत्यर्पण की मंजूरी दे दी, जिससे प्रक्रिया में तेजी आई। इसके बाद भारत सरकार ने भी अपराधी को प्रत्यर्पण की राजनीतिक मंजूरी प्रदान करते हुए पुलिस अफसरों के लिए पासपोर्ट जारी करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार, अजरबैजान की सरकार 22 अगस्त को सुनील उर्फ मयंक को भारतीय अधिकारियों को सौंपेगी। इसके बाद उसे 23 अगस्त को भारत लाया जाएगा। सुनील को झारखंड लाने के लिए एटीएस के एसपी ऋषभ झा के नेतृत्व में टीम अजरबैजान जाएगी। उससे पूछताछ के बाद झारखंड के कई आपराधिक मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.