/newsnation/media/media_files/2026/02/09/ashwini-vaishnav-flag-off-rail-2026-02-09-15-16-10.jpg)
Sairang-Silchar rail service: पूर्वोत्तर भारत की पहाड़ियों, घने जंगलों और दुर्गम रास्तों के बीच अब विकास की रफ्तार को नई दिशा मिल गई है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने सैरांग (मिजोरम) से सिलचर (असम) के बीच नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह सिर्फ एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि मिजोरम को देश के व्यापक रेल नेटवर्क से मजबूती से जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है.
सैरांग-सिलचर रेल सेवा: दूरी हुई कम
मिजोरम की राजधानी आइजोल के पास स्थित सैरांग रेलवे स्टेशन अब सीधे असम के सिलचर से जुड़ गया है. अब तक इस रूट पर यात्रा करने के लिए लोगों को पहाड़ी सड़कों पर लंबा और जोखिम भरा सफर तय करना पड़ता था. नई ट्रेन सेवा से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि खर्च भी काफी घटेगा. इससे आम लोगों के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य तक आना-जाना आसान और सुरक्षित हो जाएगा.
स्वास्थ्य और शिक्षा को मिलेगा सहारा
इस रेल सेवा का सबसे बड़ा फायदा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देखने को मिलेगा. मिजोरम के मरीज अब बेहतर इलाज के लिए सिलचर जैसे शहरों में मौजूद बड़े अस्पतालों तक आसानी से पहुंच सकेंगे. खासकर आपातकालीन स्थितियों में यह ट्रेन किसी लाइफलाइन से कम नहीं होगी.
शिक्षा के क्षेत्र में भी यह कनेक्टिविटी अहम साबित होगी। छात्र अब असम और अन्य राज्यों में स्थित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों तक कम खर्च में यात्रा कर सकेंगे, जिससे उनके लिए नए अवसर खुलेंगे.
Hon’ble CM of Mizoram, Shri @Lal_Duhoma and Hon’ble MR Shri @AshwiniVaishnaw flagged off the Sairang - Silchar New Train Service, strengthening Rail connectivity between Mizoram and Assam.#RailInfra4Northeastpic.twitter.com/2tMjSMlTw7
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) February 9, 2026
व्यापार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा
रेल कनेक्टिविटी से व्यापारिक गतिविधियों को भी जबरदस्त गति मिलेगी। मिजोरम और आसपास के इलाकों में पैदा होने वाले कृषि उत्पाद जैसे अनानास, अदरक और अन्य जैविक फसलों को अब बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा. इससे किसानों और स्थानीय व्यापारियों की आय बढ़ने की उम्मीद है.
गुवाहाटी स्टेशन का आधुनिक रूप
इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर नई यात्री सुविधाओं का भी उद्घाटन किया. स्टेशन के वेटिंग एरिया, सूचना केंद्र और यात्री सुविधाओं को आधुनिक रूप दिया गया है. इसका उद्देश्य न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा देना है, बल्कि पूर्वोत्तर आने वाले पर्यटकों के अनुभव को भी विश्वस्तरीय बनाना है.
पूर्वोत्तर को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
सैरांग-सिलचर ट्रेन सेवा और गुवाहाटी स्टेशन का कायाकल्प यह साफ संकेत देता है कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर भारत को देश की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बुनियादी ढांचे पर लगातार निवेश कर रही है. आने वाले वर्षों में यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us