/newsnation/media/media_files/2026/03/08/indian-returns-from-middle-east-2026-03-08-08-54-11.jpg)
खाड़ी के देशों से भारतीयों की वतन वापसी जारी Photograph: (ANI)
Middle East Crisis: ईरान-अमेरिका के बीच चल रही जंग के चलते खाड़ी के देशों में फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए भारत सरकार लगातार कोशिशें कर रही है. हर दिन सैकड़ों भारतीय देश के अलग-अलग शहरों में पहुंच रहे हैं. इस बीच विदेश मंत्रालय ने 1 मार्च से 7 मार्च तक खाड़ी के देशों से भारत पहुंचे लोगों का आंकड़ा जारी किया है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पश्चिम एशिया में फंसे 52,000 से अधिक भारतीय 1 से 7 मार्च के बीच वाणिज्यिक उड़ानों से वापस लौट आए हैं . विदेश मंत्रालय ने कहा कि आने वाले दिनों में और अधिक उड़ानों की योजना बनाई जा रही है.
पश्चिम एशिया में रहते हैं एक करोड़ से ज्यादा भारतीय
बता दें कि मध्य पूर्व के देशों में एक करोड़ से ज्यादा भारतीय रहते हैं. जो रोजगार और काम सिलसिले में खाड़ी के देशों में पहुंचते हैं. 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए हमले के चलते मध्य पूर्व में रहने वाले इन भारतीयों की सुरक्षा पर संकट मंडराने लगा. उसके बाद भारत सरकार ने अपने लोगों को इन देशों से वापस लाने की शुरुआत कर दी. विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि, सरकार पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न हो रही स्थिति पर नजर रख रही है. इनमें मुख्य रूप से वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है और उनकी वापसी सुनिश्चित की जा रही है.
एयर इंडिया से 32 हजार से ज्यादा लोगों को वापस लाया गया
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि, "अब तक 52,000 से अधिक भारतीयों ने इन उड़ानों का लाभ उठाया है और 1 से 7 मार्च के बीच खाड़ी क्षेत्र से भारत की सुरक्षित यात्रा की है." विदेश मंत्रालय ने बताया कि इनमें से कुल 32107 लोगों को इंडियन एयरलाइंस के जरिए भारत लाया गया. मंत्रालय का कहना है कि आने वाले दिनों में और अधिक उड़ानें शुरू करने की योजना है. वहीं जिन देशों में वाणिज्यिक उड़ानें उपलब्ध नहीं हैं, वहां भारतीय नागरिकों को निकटतम उपलब्ध वाणिज्यिक उड़ान विकल्पों के बारे में जानकारी और सलाह के लिए दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों से संपर्क करने की सलाह दी गई है.
भारतीयों को आदेश का पालन करने की सलाह
इसके साथ ही मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में सभी भारतीय नागरिकों को स्थानीय अधिकारियों के दिशानिर्देशों और भारतीय दूतावासों या वाणिज्य दूतावासों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है. इन देशों में भारतीय मिशनों ने विस्तृत सलाह जारी की है और मौजूदा स्थिति के कारण उत्पन्न चिंताओं के समाधान के लिए 24x7 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. विदेश मंत्रालय ने खाड़ी के देशों में फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. इसके साथ ही विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.mea.gov.in/ पर जाकर भी मदद मांगी जा सकती है.
#WATCH | Karnataka: A passenger who arrived at Bengaluru airport from Dubai says, "I had booked a flight for March 2, but it got cancelled due to this situation. But later we got seats on Emirates. The situation is quite normal...everyone is fine, and all the tourists are happily… pic.twitter.com/C3JoHndrXF
— ANI (@ANI) March 8, 2026
भारत लौटे लोगों ने बताए कैसे हैं यूएई में हालात
मध्य पूर्व के तनाव के चलते संयुक्त अरब अमीरात में भी हालात खराब है. दुबई एयरपोर्ट को भी कई बार बंद करना पड़ा है. इस बीच दुबई से बेंगलुरू लौटी एक युवती ने बताया कि, "दुबई वाकई सुरक्षित है, और सरकार सबकी देखभाल कर रही है, चिंता की कोई बात नहीं है." एक अन्य शख्स ने बताया कि, "मैंने 2 मार्च के लिए फ्लाइट बुक की थी, लेकिन मौजूदा हालात के कारण वह रद्द हो गई. लेकिन बाद में हमें अमीरात एयरलाइंस में सीटें मिल गईं. स्थिति बिल्कुल सामान्य है. सब ठीक हैं और सभी पर्यटक खुशी-खुशी दुबई घूम रहे हैं."
ये भी पढ़ें: 'जीत हासिल कर युद्ध में शामिल होने वाले लोगों की हमें जरूरत नहीं', ट्रंप ने ब्रिटिश PM स्टार्मर पर साधा निशाना
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us