logo-image

देश और विदेशों में केंद्रीय विद्यालयों का विस्तार, बजट में 850.00 करोड़ रुपये की वृद्धि

देश और विदेशों में केंद्रीय विद्यालयों का विस्तार, बजट में 850.00 करोड़ रुपये की वृद्धि

Updated on: 02 Feb 2022, 05:55 PM

नई दिल्ली:

देश और देश के बाहर केंद्रीय विद्यालयों का विस्तार किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित विद्यालय केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित किए जाते हैं। वर्तमान में मॉस्को, तेहरान और काठमांडू जैसे विदेशी शहरों में केंद्रीय विद्यालय मौजूद हैं। अब इनके अलावा भी दुनिया के अन्य देशों में भारतीय छात्रों के लिए केंद्रीय विद्यालय शुरू किए जा सकते हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2022-23 के लिए पेश किए गए बजट में केंद्रीय विद्यालयों का आवंटन बढ़ाकर 7650 करोड़ रुपए कर दिया गया है।

केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के बजट आवंटन में 850.00 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। बजट अनुमान 2021-22 मे केंद्रीय विद्यालयों को 6800.00 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। वहीं मौजूदा बजट में केंद्रीय विद्यालयों को दी जाने वाली धनराशि में बड़ा इजाफा किया गया है। बजट अनुमान 2022-23 में केंद्रीय विद्यालय संगठन को 7650.00 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है।

गौरतलब है कि शिक्षा की संसदीय स्थायी समिति ने सुझाव दिया था कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन को विदेश में अपनी शाखाएं खोलनी चाहिए। समिति के मुताबिक केन्द्रीय विद्यालय संगठन को दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बसे भारतीयों की संख्या को ध्यान में रखते हुए विदेशों में अपना विस्तार करना चाहिए।

भाजपा सांसद विनय सहस्रबुद्धे की अध्यक्षता वाली संसदीय समिति ने इस विषय को लेकर अपनी रिपोर्ट पेश की थी। अपनी रिपोर्ट में समिति ने केंद्रीय विद्यालयों के कामकाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।

पैनल ने सुझाव दिया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन को और अधिक छात्रों को समायोजित करने के लिए विदेशों में भी अपनी शाखाएं खोलनी चाहिए। संसदीय समिति ने कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में कई भारतीय बसे हुए हैं, इसलिए इन देशों में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए एक व्यवहार्यता अध्ययन करना चाहिए।

स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के सबसे महत्वपूर्ण विभागों में से है। यही कारण है कि वित्त वर्ष 2021-22 के मुकाबले वित्त वर्ष 2022-23 में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के बजट आवंटन में 8575.71 करोड़ रुपये यानी 15.63 प्रतिशत की कुल बढ़ोतरी हुई है।

वित्त वर्ष 2022-23 में स्कूल शिक्षा और साक्षरता के लिए कुल बजट आवंटन 63449.37 करोड़ रुपये है। इसमें से योजना आवंटन 51052.37 करोड़ रुपये और गैर-योजना आवंटन 12397 करोड़ रुपये है।

केंद्रीय बजट में की गई व्यवस्थाओं के मुताबिक समग्र शिक्षा की प्रमुख योजना में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए बजट आवंटन में 6333.20 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि बजट अनुमान 2021-22 में 31050.16 करोड़ रुपये था, वहीं बजट अनुमान 2022-23 में ये 37383.36 करोड़ रुपये रखा गया है।

इसके अलावा विश्व बैंक से सहायता प्राप्त स्टार्स योजना के लिए वित्त वर्ष 2022-23 के बजट आवंटन में 65.00 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बजट अनुमान 2021-22 में ये 485.00 करोड़ रुपये था, वहीं बजट अनुमान 2022-23 में यह 550.00 करोड़ हो गया है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.