logo-image

विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस ने संगठन में किया बड़ा फेरबदल, जाखर को पंजाब तो प्रितम सिंह को उत्तराखंड की कमान

चुनावों में लगातार मिल रही शिकस्त के बीच कांग्रेस ने संगठन में कई बदलाव किये हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि पार्टी ने 17 नये पदाधिकारी नियुक्त किये हैं।

Updated on: 04 May 2017, 11:52 PM

highlights

  • कांग्रेस ने संगठन में किया बदलाव, 17 पदाधिकारी बदले, 10 की उम्र 50 से कम
  • कांग्रेस ने अविनाश पांडे को बनाया राजस्थान का प्रभारी, प्रदेश में अगले साल होंगे चुनाव
  • उत्तराखंड चुनाव में हार के बाद किशोर उपाध्याय को अध्यक्ष पद से हटाया, प्रितम सिंह बने अध्यक्ष

नई दिल्ली:

चुनावों में लगातार मिल रही शिकस्त के बीच कांग्रेस ने संगठन में कई बदलाव किये हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि पार्टी ने 17 नये पदाधिकारी नियुक्त किये हैं।

जिसमें से 10 की उम्र 50 से कम है। शीर्ष नेतृत्व ने केसी मित्तल की जगह वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा को लीगल सेल का प्रमुख नियुक्त किया है।

राजस्थान
राजस्थान विधानसभा चुनाव को देखते हुए अविनाश पांडे को राजस्थान का पार्टी प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान में अगले साल चुनाव होने वाले हैं। जहां कांग्रेस को सत्ता में वापसी की उम्मीद है।

उत्तराखंड

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी की बड़ी हार के बाद किशोर उपाध्याय को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह प्रितम सिंह को कमान दी गई है। चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और किशोर उपाध्याय के बीच अन-बन की खबर आई थी। जिसका खामियाजा पार्टी को चुनाव में भुगतना पड़ा।

पंजाब
पंजाब में 10 साल बाद सत्ता में वापसी करने वाली कांग्रेस ने सुनील जाखर को अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पास पार्टी की कमान थी। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पूर्व राज्य मंत्री जाखर की संगठन में अच्छी पकड़ है।

पिछले दिनों कांग्रेस ने पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह को कर्नाटक के साथ ही गोवा के प्रभार से हटा दिया था। गोवा विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद कांग्रेस सरकार गठन नहीं कर पाई थी।

कर्नाटक का प्रभार पार्टी सांसद के.सी. वेणुगोपाल को दे दिया गया है, जिन्हें पार्टी महासचिव नियुक्त किया गया है। ए.चेल्ला कुमार को गोवा का प्रभारी बनाया गया है।

और पढ़ें: कांग्रेस ने अजय माकन का इस्तीफा किया नामंजूर, बने रहेंगे दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष

साथ ही वरिष्ठ नेता गुरदास कामत के इस्तीफे के बाद राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया था। गुजरात में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होंगे।

और पढ़ें: दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज़, तेलंगाना पुलिस पर आतंकी संगठन IS की फर्जी वेबसाइट चलाने का लगाया था आरोप

आईपीएल 10 से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए यहां क्लिक करें