logo-image

आतंकवादियों का समर्थन विपक्ष का आधिकारिक एजेंडा : स्वतंत्रदेव सिंह

आतंकवादियों का समर्थन विपक्ष का आधिकारिक एजेंडा : स्वतंत्रदेव सिंह

Updated on: 13 Jul 2021, 12:20 AM

लखनऊ:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि आतंकवादियों का समर्थन, पोषण और संरक्षण समाजवादी पार्टी सहित विपक्ष के कई दलों का आधिकारिक एजेंडा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि पुलिस अपनी जान पर खेलकर आतंकवादियों को पकड़ कर रही है और दूसरी ओर राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर सपा मुखिया कह रहे हैं कि उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है। सपा मुखिया को यह बताना चाहिए कि उन्हें पुलिस और देश की सेना पर भरोसा क्यों नहीं है। किस पर भरोसा दिखाते हुए सपा मुखिया ने अपनी सरकार में आतंकवादियों का मुकदमा वापस लेने की कोशिश की थी। दरअसल सपा सहित विपक्ष का भरोसा देश को तोड़ने की कोशिश करने वालों, दंगाइयों, अराजकों पर ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस के राज में जेल में आतंकवादी को बिरयानी खिलाई जा रही थी और सपा सरकार में दंगाइयों को हेलीकप्टर में बैठकर सीएम कार्यालय लाकर उनका स्वागत किया जा रहा था। आतंकियों के मारे जाने पर एक पार्टी की मुखिया के आंसू नहीं रुक रहे थे। यह देश भूला नहीं है कि कैसे विपक्ष ने हमारी बहादुर सेना के शौर्य सर्जिकल स्ट्राइक पर भी सवाल उठाए थे। इन सभी सवालों का जवाब देश व प्रदेश की जनता ने इन्हें ठुकरा कर दे दिया, लेकिन अब तक इनकी बुद्घि ठिकाने नहीं आ पाई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की सुरक्षा जैसे गंभीर मसलों को विपक्ष को अपनी तुष्टिकरण की राजनीति व हार की कुंठा से अलग रखनी चाहिए। सपा मुखिया को पुलिस पर भरोसा नहीं है तो उन्हें पुलिस की सुरक्षा त्याग देनी चाहिए।

सपा मुखिया ने इस देश व प्रदेश के जवानों के बलिदान, शौर्य व कर्तव्यनिष्ठा पर सवाल उठाकर पुलिस का मनोबल तोड़ने व आतंकियों का संरक्षण देने का प्रयास किया है। लेकिन, विपक्ष भूल गया है कि यह योगी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार है जहां अपराधी और उनके आकाओं दोनों को नहीं बख्शा जाएगा। न ही पुलिस व सेना का मनोबल कमजोर होने दिया जाएगा।

ज्ञात हो कि लखनऊ में रविवार को उत्तर प्रदेश की एटीएस ने काकोरी के दुब्बगा से दो आतंकियों को पकड़ा। इसके बाद में रात में कानपुर से इनके दो साथियों को उठाया है। इस बाबत जब मीडिया ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई पर सवाल दागा तो उन्होंने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस और भाजपा पर उनको जरा भी भरोसा नहीं है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ योगी आदित्यनाथ सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.