logo-image

वर्ल्ड विजन इंडिया का चौंका देने वाला सर्वे: भारत में हर दूसरा बच्चा यौन उत्पीड़न का शिकार

भारत में हर दूसरा बच्चा यौन उत्पीड़न का दंश झेलता है।

Updated on: 18 May 2017, 12:44 PM

नई दिल्ली:

देशभर में 12 से 18 वर्ष की आयु के 45,000 बच्चों के बीच हाल ही में किए गए सर्वे में दिमाग को झकझोर देने वाला खुलासा हुआ है। सर्वे के मुताबिक देश में इस आयुवर्ग के बीच का हर दूसरा बच्चा यौन उत्पीड़न का दंश झेलता है। मानवाधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था 'वर्ल्ड विजन इंडिया' के इस सर्वे में देशभर के विभिन्न हिस्सों के 45,844 बच्चों से प्रतिक्रिया ली।

सर्वे में यह भी खुलासा हुआ है कि हर पांच में से एक बच्चा खुद को यौन उत्पीड़न के प्रति महफूज नहीं महसूस करता। सर्वे यह भी कहता है कि हर चार में से एक परिवार ने बच्चे के साथ हुए यौन शोषण की शिकायत नहीं की।

इसे भी पढ़ें:  भारत में 5 साल से छोटे 58 फीसदी बच्चे एनिमिया से ग्रसित: सर्वे

वर्ल्ड विजन इंडिया के राष्ट्रीय निदेशक चेरियन थॉमस ने यहां 2021 तक बाल यौन शोषण को पूरी तरह खत्म करने के लिए एक अभियान का आगाज करते हुए कहा, 'हर दूसरा बच्चा यौन शोषण का शिकार होता है, इसके बावजूद इसे लेकर चुप्पी पसरी हुई है। वहीं यह भी अच्छी तरह नहीं पता है कि बच्चे किस हद तक यौन उत्पीड़न झेल रहे हैं।'

संगठन द्वारा शुरू किए गए अभियान 'इट टेक्स द वर्ल्ड टू एंड वॉयलेंस अगेंस्ट चिल्ड्रेन' के तहत देश के 25 राज्यों और एक केंद्र शासित क्षेत्र में रहने वाले एक करोड़ बच्चों को यौन शोषण से मुक्ति दिलाना है।

थॉमस ने कहा, 'हमारे क्षेत्रीय कार्यक्रमों के साथ ही इस अभियान को भी अमल में लाया जाएगा। हम क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं, खासकर कुपोषण और जन्म के शुरुआती दिनों में होने वाली बीमारी, शिक्षा, बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम करते हैं।'

इसे भी पढ़ें: कहीं आपका बच्चा स्लीप एप्निया का शिकार तो नहीं!

उन्होंने कहा कि हमारे ये क्षेत्रीय कार्यक्रम देश के 186 जिलों में संचालित हैं। थॉमस ने कहा कि इस अभियान से समाज के हर वर्ग के लोगों को जोड़ा जाएगा ताकि बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि बच्चों को विभिन्न पहलुओं के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा, जहां उन्हें सही मंशा से छूने और बुरी मंशा से छूने जैसी अनेक बातें बताई जाएंगी।

आईपीएल 10 से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए यहां क्लिक करें

एंटरटेनमेंट की खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें