Chandrayaan 3 Launch: आज का दिन इतिहास में दर्ज हो गया है. चंद्रयान-3 की सफल लॉचिंग हो गई है. दोपहर 2.35 बजे चंद्रयान-3 ने अपना सफर शुरू किया. मिशन करीब दो माह की यात्रा पर निकल चुका है. इस मौके पर इसरों प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की ओर अपनी यात्रा की शुरुआत कर दी है. हमारे LVM3 ने चंद्रयान-3 को पृथ्वी की कक्षा में चारों ओर सटीक रूप से स्थापित कर दिया है. हम चंद्रयान-3 के लिए शुभकामनाएं देते हैं. आने वाले समय वह चंद्रमा की ओर बढ़ेगा.
पृथ्वी की कक्षा में सफलता से प्रक्षेपित किया
मिशन चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण सफल रहा है. इसरों का कहना है कि एलवीएम-एम4 रॉकेट चंद्रयान-3 को पृथ्वी की कक्षा में लेकर सफलतापूर्वक प्रवेश कर चुका है. इसके बाद चंद्रयान-3 ने रॉकेट से अलग होकर चंद्रमा की ओर रुख किया है. चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर उतरने में करीब 50 दिन का समय लगने वाला है. इसरो के अनुसार, 23 या 24 अगस्त तक यह चांद की सतह पर लैंड कर सकता है.
सटीक कक्षा में पहुंचने के बाद चंद्रमा की ओर यात्रा- ISRO
इसरो का कहना है कि चंद्रयान-3 ने अपनी सटीक कक्षा पा ली है और अब चंद्रमा की ओर अपना सफर आरंभ कर दिया है. अंतरिक्ष यान अभी पूरी तरह से सामान्य व्यवहार कर रहा है. इस मिशन के निदेशक पी वीरमुथुवेल और इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने LVM3 M4 वाहन की सफलता पर अपनी खुशी का इजहार किया.
हमारे आगे एक बहुत बड़ा सफल मिशन होगा
इस मौके पर इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायणन ने कहा कि आप सभी ने जो नैतिक समर्थन दिया और जो उत्साह दिखाया... हमें आशा है कि हमारे आगे एक बहुत बड़ा सफल मिशन होगा. उन्होंने कहा कि यह वास्तव में भारत के लिए गौरव का क्षण है और श्रीहरिकोटा में हम सभी के लिए भाग्य का क्षण है, जो बनने वाले इतिहास का हिस्सा थे. भारत को गौरवान्वित करने के लिए टीम इसरो को और पीएम मोदी को धन्यवाद.
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिख दिया है. यह ऊंची उड़ान भरता है, हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाता है. यह अहम उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है. मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं.
Source : News Nation Bureau