logo-image

सोनिया गांधी ने की इस्तीफे की पेशकश, CWC ने कहा कि आप पर भरोसा 

कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक चार घंटे से ज्यादा चली। बैठक में निर्णय लिया गया कि सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष बनी रहेगी.

Updated on: 13 Mar 2022, 09:59 PM

नई दिल्ली:

कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर आज यानि रविवार को संपन्न हुई. बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और तीन अन्य कांग्रेस नेता पार्टी की कार्यसमिति की बैठक में शामिल नहीं हुए, जिन्हें हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार पर चर्चा करने के लिए आज बुलाया गया था. कांग्रेस नेता एके एंटनी भी बैठक में शामिल नहीं हुए क्योंकि वो कोरोना पॉजिटिव हैं।

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन पर चर्चा हुई. वहीं इस बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर ने जी-23 के सदस्यों द्वारा दो साल पहले लिखे एक पत्र को साझा कर दिया। उन्होंने कहा कि इस पत्र में सभी सदस्यों ने संगठन बदलाव की मांग की थी ताकि चीजें बेहतर हों, लेकिन तब से ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। दो दिन पहले भी उन्होंने ट्वीट कर सांगठनिक नेतृत्व में सुधार करने की बात कही थीं।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में सोनिया गांधी ने कहा कि अगर आपको गांधी परिवार और मेरे नेतृत्व पर शंका है तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं। CWC ने सर्वसम्मति से सोनिया गांधी के नेतृत्व में अपने विश्वास की पुष्टि की और उनसे कांग्रेस का नेतृत्व करने का अनुरोध किया. पूरी वर्किंग कमिटी ने कहा कि आपका नेतृत्व सबको मंजूर...बैठक में तालियां बजी। 

कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक चार घंटे से ज्यादा चली। बैठक में निर्णय लिया गया कि सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष बनी रहेगी.राहुल गांधी को और सक्रिय होने के लिए कहा गया,कार्यकर्ताओ और नेताओं से मिलने को कहा।

कांग्रेस कार्यसमिति के बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव सहित आगामी चुनावों में चुनावी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। 

पार्टी की कार्यसमिति की बैठक के बाद कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कांग्रेस का नेतृत्व करेंगी और भविष्य में भी वही निर्णय लेंगी। हम सभी को उनके नेतृत्व पर भरोसा है।