logo-image

महिला हॉकी टीम का सम्मान 28 सितंबर को भोपाल में होगा

महिला हॉकी टीम का सम्मान 28 सितंबर को भोपाल में होगा

Updated on: 26 Sep 2021, 07:20 PM

भोपाल:

टोक्यो ऑलंपिक 2020 में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को 28 सितंबर को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे।

बताया गया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने वादे के मुताबिक खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की अध्यक्षता में मंगलवार को मिंटो हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बत्रा विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके अलावा हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रओ निगोमबम, हॉकी इंडिया की सीईओ एलीना नार्मन, सचिव राजेंद्र सिंह और महिला हॉकी टीम के प्रशिक्षक तुषार खांडेकर भी विशेष रूप से उपस्थित होंगे।

खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बताया कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में महिला हॉकी टीम के शानदार ऐतिहासिक प्रदर्शन ने देश और दुनिया का दिल जीत लिया था। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से हमेशा की तरह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी प्रभावित हुए। जब भारतीय महिला हॉकी टीम टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के बावजूद चौथे स्थान पर रही, तभी चौहान ने इन बेटियों को सम्मानित करने की घोषणा कर दी थी।

खेल मंत्री सिंधिया ने बताया कि प्रदेश के लिए यह हमेशा ही गौरव की बात रही है कि 2016 के रियो ओलंपिक में ही मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में प्रशिक्षण प्राप्त सात खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी टीम में अपनी छाप विश्व मंच पर छोड़ी थी। 2020 के टोक्यो ओलंपिक में भी मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी से प्रशिक्षित पांच खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया। इसमें सुशीला चानू, रीना खोखर ,मोनिका ,रजनी और वंदना कटारिया शामिल है।

महिला हॉकी टीम की रानी रामपाल (कप्तान), सविता पूनिया, दीप ग्रेस एक्का, निशा, गुरजीत कौर, सलीमा टेटे, उदिता, मोनिका, निक्की प्रधान, नेहा, पी सुशीला चानू, वंदना कटारिया, नवनीत कौर, नवजोत कौर, शर्मिला देवी, लालरेमसियामी, ई.रजनी, रीना खोकर और नमिता टोप्पो सदस्य है।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल तक का सफर तय कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। कांस्य पदक के मुकाबले में भारतीय टीम को बेहद करीबी अंतर से इंग्लैंड से 3- 4 से हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले भारत ने क्वार्टर फाइनल में ओलंपिक और विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। इस मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से पराजित किया था। लीग मुकाबलों में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा था।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.