logo-image

शत्रुघ्न सिन्हा को मिल सकता है दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का पद तो कीर्ति आजाद को झारखंड की जिम्मेदारी- सूत्र

अब कांग्रेस इसकी भरपाई करने में जुट गई है और पार्टी अध्यक्ष समेत प्रदेश अध्यक्ष और अन्य रिक्त पदों को जल्द भरने के प्रयास में हैं.

Updated on: 02 Aug 2019, 10:07 AM

नई दिल्ली:

लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारियों ने इस्तीफा दे दिया था. अब कांग्रेस इसकी भरपाई करने में जुट गई है और पार्टी अध्यक्ष समेत प्रदेश अध्यक्ष और अन्य रिक्त पदों को जल्द भरने के प्रयास में हैं. इस कड़ी में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शत्रुघ्न सिन्हा को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष और कीर्ति झा आजाद को झारखंड कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जा सकता है.

दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष बन सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा

सूत्रों की मानें तो दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पूर्वाचल के लोगों का वोट बैंक भुनाने के लिए शत्रुघ्न सिन्हा को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बना सकती है. सिन्हा दिल्ली की राजनीति में पहले भी सक्रिय रह चुके हैं और दिल्ली से चुनाव भी लड़ चुके हैं. बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा बिहार से बीजेपी के सांसद रहे हैं. लोकसभा चुनाव से पहले वो कांग्रेस में शामिल हो गए थे. वर्तमान में शीला दीक्षित दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष थीं. हाल ही में उनका निधन हुआ है, जिसके कारण यह पद अब खाली हो गया है. सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है नवजोत सिंह सिद्धू भी इस रेस में हैं.

यह भी पढ़ें- उन्नाव दुष्कर्म कांड: हादसे के बाद मौत से जूझ रही पीड़िता, आज दिल्ली कराया जा सकता है एयरलिफ्ट

कीर्ति झा आजाद को मिल सकती है झारखंड कांग्रेस की जिम्मेदारी

वहीं, सूत्रों की मानें तो झारखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए कीर्ति झा आजाद को झारखंड कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जा सकता है. इससे बिहारी और अगड़ा वोट का बड़ा हिस्सा कांग्रेस की ओर आ सकता है. कांग्रेस को विश्वास है कि आदिवासी वोट उसके साथ रहेगा, क्योंकि जेएमएम, जेवीएम से उनका गठबंधन है. अल्पसंख्यक वैसे भी कांग्रेस के साथ है. इसलिए कीर्ति आजाद का अध्यक्ष बनना पार्टी हित में फैसला हो सकता है.

झारखंड कांग्रेस में चल रही है अंदरूनी कलह

बता दें कि कीर्ति आजाद बिहार से कई बार बीजेपी के सांसद रह चुकी हैं. आजाद लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे और झारखंड के धनबाद से चुनाव लड़े थे. लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद से कांग्रेस झारखंड में अंदरूनी कलह से जूझ रही है और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार को हटाने की मांग हो रही है.