तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद मंगलवार को सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। यह तय ही माना जा रहा था कि उनकी मृत्यु के बाद अफरा-तफरी होगी, सो प्रशासन इसके लिए तैयार था। हालांकि, दूध जैसे जरूरी सामानों की आपूर्ति बाधित नहीं हुई है लेकिन राज्य में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
राज्य परिवहन निगम की बसें सड़कों से नदारद हैं। सड़कें सुनसान पड़ी हैं, लोग घरों के भीतर ही हैं। उम्मीद की जा रही है कि आज के बाद हालात में सुधार आएगा। सड़कों पर सिर्फ निजी वाहन ही चल रहे हैं लेकिन उनकी तादाद भी कम ही है। व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र टी.नगर की दुकानें भी बंद हैं।
यह भी पढ़ें: जयललिता को श्रद्धांजलि देने के लिए पीएम मोदी चेन्नई रवाना, एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा
राज्य सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों के लिए तीन दिनों का अवकाश घोषित किया है।
जयललिता का सोमवार रात 11.30 बजे निधन हो गया था। उन्हें एक दिन पहले ही दिल का दौरा पड़ा था। वह 68 वर्ष की थीं।
Source : IANS