logo-image

भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारणी में राहुल गांधी को फिर पार्टी अध्यक्ष बनने का पारित किया गया प्रस्ताव

भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारणी में राहुल गांधी को फिर पार्टी अध्यक्ष बनने का पारित किया गया प्रस्ताव

Updated on: 07 Sep 2021, 12:10 AM

नई दिल्ली:

भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारणी बैठक के दूसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पुन: कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनने को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया है।

बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव और संगठनात्मक प्रस्ताव को समवेत स्वर में सर्वसम्मति से सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों द्वारा और सभी प्रदेश अध्यक्षों द्वारा पारित किया गया।

दो दिवसीय बैठक में अनेक विषयों पर गहन चिंतन और विचार विमर्श हुआ, अनेक मुद्दे जैसे की संगठन के सामने आने वाले दिनों में क्या क्या चुनौतियां है और उन चुनौतियों पर कैसे सफलता प्राप्त की जा सकती है, संगठन के प्रमुख कार्यक्रमों, आंतरिक चुनाव, सदस्यता अभियान, समेत सभी प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

देश के समक्ष जो गंभीर मुद्दे हैं जैसे की बेरोजगारी, बढ़ती मंहगाई, किसानों की समस्या, राष्ट्रीय सुरक्षा, देश की संपत्तियों को बेचने जैसे ज्वालंतशील मुद्दों पर आने वाले समय में किस तरह भाजपा सरकार के खिलाफ इन जन विरोधी मुद्दों पर लड़ाई लड़नी है, उस पर भी गंभीर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी और एआईसीसी सह सचिव कृष्णा अल्लावारू ने की।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी जी को पुन: कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहिए, इसके लिए बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।

वहीं भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी और एआईसीसी सह सचिव कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि, भारतीय युवा कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता आने वाले दिनों में इस तानाशाह सरकार के खिलाफ संघर्ष करेगा और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और राहुल गांधी का संदेश जन जन तक पहुंचने का कार्य करेगा।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.