logo-image

राहुल ने किया 'संविधान बचाओ' कैंपेन का आगाज, मोदी पर निशाना-दलित वोट बैंक पर नजर

भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर विधिवत तरीके से संविधान को 'नष्ट करने' का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रेसिडेंट आज से संविधान बचाओ प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं।

Updated on: 23 Apr 2018, 01:25 PM

highlights

  • राहुल गांधी आज से शुरू करेंगे संविधान बचाओ अभियान
  • दलित वोट बैंक को साधने की कांग्रेस की रणनीति का आगाज

नई दिल्ली:

भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर विधिवत तरीके से संविधान को 'नष्ट करने' का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रेसिडेंट राहुल गांधी ने 'संविधान बचाओ' अभियान की शुरुआत की।

कांग्रेस के इस देशव्यापी प्रचार अभियान की शुरुआत दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से हुई। देश भर में दलितों के बीच अपनी पैठ को मजबूत करने के मकसद से शुरू किया गया यह अभियान अगले साल तक चलेगा।

अभियान की शुरुआत करते हुए पार्टी प्रेसिडेंट राहुल गांधी ने कहा कि देश में दलितों और मजलूमों की सुरक्षा संविधान करता है। राहुल ने कहा, 'जो हमारे देश में संस्थाएं हैं, सभी को हमारे संविधान ने दिया है।'

इस देश में सभी संस्थाओं की नींव संविधान है और आज के समय में सभी संस्थानों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों को बिठाया जा रहा है और उन्हें खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

मोदी सरकार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट को कुचला जा रहा है और उसे दबाया जा रहा है।' उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर संसद को रोक रखा है।

उन्होंने कहा, 'आम तौर पर विपक्ष संसद को रोक कर रखती है लेकिन पहली बार सरकार ने संसद को रोक रखा है।'

राहुल गांधी के इस अभियान को अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। 

गौरतलब है कि राहुल गांधी का यह अभियान बीजेपी के उस अभियान के जवाब में आया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी सांसदों और विधायकों से दलित बहुल गांवों में एक रात गुजारने की अपील की है।

बीजेपी इसके लिए 'ग्राम स्वराज अभियान' चला रही है।

और पढ़ें: CJI के खिलाफ महाभियोग पर फैसला जल्द, नायडू ने विशेषज्ञों से ली राय