logo-image

किच्छा पहुंचे राहुल गांधी, पीएम मोदी पर साधा निशाना

किच्छा पहुंचे राहुल गांधी, पीएम मोदी पर साधा निशाना

Updated on: 05 Feb 2022, 07:00 PM

देहरादून/उधम सिंह नगर:

कांग्रेस के नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज उधम सिंह नगर के किच्छा से उत्तराखंड की जनता को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं हैं। वह राजा हैं। राजा किसी की बात नहीं सुनता। प्रधानमंत्री ही लोगों की बात सुनता है।

राहुल गांधी आज यानी पांच फरवरी को उत्तराखंड के किच्छा में किसान सम्मान वर्चुअल रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसान आंदोलन के बहाने पीएम नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला किया। साथ ही उन्होंने किसानों और मजदूरों को साधते हुए ये बताने का प्रयास किया कि कांग्रेस की सरकार ही विकास को गति दे सकती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सबसे पहले किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बधाई इस बात की है कि आप इन तीन कानूनों के खिलाफ पहाड़ जैसे खड़े हो गए और कोई समझौता नहीं किया। एक कदम पीछे नहीं हटे और हिंदुस्तान की सरकार को सच्चाई दिखाई। ये आपका इतिहास है। आप सिर्फ देश को भोजन नहीं देते हैं, आप देश को रास्ता भी दिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि आपने देश की सरकार को बताया कि सच्चाई से हम नहीं हटने वाले हैं। आप हमें न खरीद सकते हैं, ना डरा सकते हैं। इस सरकार को ये समझाना बहुत जरूरी था।

उन्होंने कहा कि, आप देश की नींव हो। यदि देश की नींव कमजोर होगी तो देश नहीं बचेगा। हम गारंटी देते हैं। हम ऐसी सरकार चाहते हैं, जिसमें किसान, मजदूरों और गरीबों को लगे ये हमारी सरकार है। जो भी हम कहना चाहते हैं, हम दिल खोलकर सरकार में मुख्यमंत्री को कह सकते हैं। ऐसी सरकार हम चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि कल गोवा में हमने न्याय योजना लाॉन्च की। निर्णय लिया कि सबसे गरीब लोगों को कांग्रेस पार्टी की सरकार सीधे खाते में पैसा हर माह देगी। ये ही उत्तराखंड में भी किया जाएगा। उन्हें लगे कि सरकार उनके साथ खड़ी है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.