प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीकी देशों की यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को युगांडा पहुंचे। जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। एंतेब्बे में राष्ट्रपति योवेरी मुसेवनी की मौजूदगी में पीएम मोदी का स्वागत किया गया। इसके बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तरीय बातचीत हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी की सह-अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद मंगलवार को भारत और युगांडा अर्थव्यवस्था और रक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमत हुए।
बैठक के बाद मुसेवेनी के साथ मीडिया के संयुक्त संबोधन में मोदी ने कहा, 'भारत हमेशा युगांडा के आर्थिक विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों का समर्थन करेगा।'
उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार और निवेश मजबूत हो रहा है तथा वह और मुसेवेनी दोनों बुधवार को दोनों देशों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री ने ऊर्जा बुनियादी ढांचे, कृषि और डेयरी क्षेत्रों के लिए करीब 20 करोड़ डॉलर के दो ऋणों की घोषणा की।
मोदी ने कहा कि यह बड़ी संतुष्टि का विषय है कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग अच्छी तरह से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, 'हम अपने रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए तैयार हैं।'
मूसेवेनी ने कहा कि दोनों पक्षों ने मंगलवार की वार्ता के दौरान व्यापार, निवेश और पर्यटन पर जोर दिया है।
भारतीयों को युगांडा जाने के लिए आमंत्रित करते हुए मूसेवेनी ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने से द्विपक्षीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस संबंध में, उन्होंने युगांडा एयरलाइंस के लिए मुंबई जाने के लिए अनुमति मांगी थी।
मुसेवेनी के मुताबिक, वार्ता के दौरान मोदी के सुझावों में से एक भारतीय कंपनियों के लिए युगांडा के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में निवेश करना था।
युगांडा में पीएम मोदी दो दिन रहेंगे। यह भारत के किसी प्रधानमंत्री की 20 वर्षो बाद पहली युगांडा यात्रा है। पीएम मोदी यहां भारतीय समुदाय को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युगांडा की संसद को भी संबोधित करेंगे। मोदी ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।
भारत और युगांडा के बीच रक्षा क्षेत्र, राजनयिक और आधिकारिक पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा में छूट, सांस्कृतिक विनिमय कार्यक्रम और सामग्री परीक्षण प्रयोगशाला को लेकर चार एमओयू पर साइन किया गया।
और पढ़ें : भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम! लोकसभा में रिश्वतखोरी को रोकने के लिए विधेयक पास
IANS इनपुट
Source : News Nation Bureau