भारत अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाने के लिए तैयार है, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस ऐतिहासिक अवसर की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित कर रही हैं. उन्होंने अपने संबोधन में पचहत्तरवें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दे हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि, यह एक युगांतरकारी परिवर्तन का कालखंड है. उन्होंने आगे कहा कि, गणतंत्र दिवस, हमारे आधारभूत मूल्यों और सिद्धांतों को स्मरण करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है.
राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान से सार्वजनिक जीवन को समृद्ध बनाने को याद किया. साथ ही कहा कि, हमारे गणतंत्र की मूल भावना से एकजुट होकर 140 करोड़ से अधिक भारतवासी एक कुटुंब के रूप में रहते हैं. उन्होंने कहा कि, देश में भावना, भूगोल द्वारा थोपा गया बोझ नहीं है, बल्कि सामूहिक उल्लास का सहज स्रोत है.
गौरतलब है कि, राष्ट्रपति भवन ने कुछ घंटे पहले इससे जुड़ा एक बयान जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि, संबोधन शाम 7 बजे से आकाशवाणी के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी में और उसके बाद अंग्रेजी संस्करण में प्रसारित किया जाएगा. बयान में कहा गया है कि, दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद डीडी के क्षेत्रीय चैनलों द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारण किया जाएगा. ऑल इंडिया रेडियो अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात 9.30 बजे से क्षेत्रीय भाषा संस्करण प्रसारित करेगा.
गौरतलब है कि, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्वारा संबोधन देने की परंपरा देश के लोकतांत्रिक ढांचे में बहुत महत्व रखती है. यह एक ऐसा क्षण है जब देश का सर्वोच्च निर्वाचित अधिकारी देश की यात्रा, उपलब्धियों, चुनौतियों और आगे के रास्ते पर विचार करते हुए नागरिकों से सीधे संवाद करता है.
बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
इस बीच, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने घोषणा की कि लगभग 14,000 सुरक्षाकर्मी उस स्थान और उसके आसपास तैनात किए जाएंगे जहां 26 जनवरी को गणतंत्र परेड होगी. इस व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य इस वर्ष की परेड देखने के लिए अपेक्षित 77,000 आमंत्रित लोगों की सुरक्षा करना है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, गणतंत्र दिवस के लिए दिल्ली के चारों ओर पेशेवर, मजबूत और त्रुटिहीन सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
Source : News Nation Bureau