जनजातीय वर्ग का हित सरकार की प्राथमिकता : मोदी

जनजातीय वर्ग का हित सरकार की प्राथमिकता : मोदी

जनजातीय वर्ग का हित सरकार की प्राथमिकता : मोदी

author-image
IANS
New Update
PM Modi

(source : IANS)( Photo Credit : (source : IANS))

प्रधानमंत्री नरेंद्र मेादी ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जबूंरी मैदान में राज्य के कोने-कोने से आए आदिवासियों को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर हमला किया और कहा कि जनजातीय समाज का हित हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

Advertisment

राजधानी का जंबूरी मैदान भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय रंग देखने को मिले। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा जनजातीय समाज का हित हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। देश का विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक हर व्यक्ति की इसमें उचित हिस्सेदारी न हो। सरकार द्वारा हर अन्य वर्गों की तरह जनजातीय समाज को भी तरक्की का हर मौका दिया गया है। जनजातीय क्षेत्रों में भी शिक्षा, आवास, बिजली, गैस, इलाज आदि सभी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। देश में जल-जीवन मिशन प्रारंभ कर हर घर में नल से जल पहुंचाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर ऐलान किया कि, भारत सरकार ने भी फैसला किया है कि 15 नवम्बर को पूरे देश में हर वर्ष गांधी-पटेल-अंबेडकर जयंती की तरह ही वृहद पैमाने पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जायेगा तथा जनजातीय समाज के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। आज शिवराज सरकार जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिये कई योजनाओं की शुरूआत कर रही है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय कल्याण की विभिन्न योजनाओं की शुरूआत की। उन्होंने राशन आपके ग्राम योजना का शुभारंभ करते हुए डिंडोरी के अनिल तथा मंडला के लक्ष्मीनारायण को राशन वाहनों की चाबी सौंपी। सिकल सेल रोग उन्मूलन मिशन का शुभारंभ करते हुए झाबुआ की हशीला, अलीराजपुर की सीना डुडवे तथा झाबुआ के मनीष सिंह सिकरवार को जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड प्रदान किये।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज ने कोरोना के दोनों टीके लगवाकर पढ़े-लिखे समाज के सामने उत्तम उदाहरण प्रस्तुत किया है। देश को बचाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनजातीय समाज का भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण योगदान है। भगवान श्री राम को वनवास के दौरान जनजातीय समाज द्वारा दिये गये सहयोग ने ही मर्यादा पुरूषोत्तम बनाया। जनजातीय समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों, जीवन-शैली से हमें प्रेरणा मिलती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जनतातीय कलाकारों में सृजन की क्षमता का जिक्र करते हुए कहा जनजातीय कलाकृति प्रदर्शनी में श्रेष्ठ कलाकृतियां देखने को मिली हैं। इन कलाकारों की अंगुलियों में अद्भुत ताकत है। जनजातीय कलाकृतियों एवं उत्पादों को सरकार द्वारा अब उचित बाजार प्रदान किया जा रहा है। इन्हें आत्म-निर्भर बनाने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। ट्राइफेड पोर्टल के माध्यम से जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकारें निरंतर जनजातीय कल्याण के कार्य कर रही हैं। सरकार द्वारा 20 लाख जनजातीय व्यक्तियों को वनभूमि के पट्टे प्रदान किये गये हैं। जनजातीय युवाओं के शिक्षा एवं कौशल विकास के लिये देशभर में 750 एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय खोले जा रहे हैं, जिनमें से 50 का आज शिलान्यास किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल मध्यप्रदेश के पहले जनजातीय राज्यपाल हैं। उन्होंने जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिये अपना पूरा जीवन खपा दिया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन वस्तुत जनजातियों की जिंदगी बदलने का अभियान है। यह जनजातियों के कल्याण, सम्मान एवं गौरव के लिये सरकार द्वारा लिया गया संकल्प है।

महासम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने प्रदेश के 23 जिलों के 75 जनजातीय रणबांकुरे शहीदों के शहीद स्थलों की मिट्टी से पूरित अमृत कलश भेंट किया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि तथा किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिंया, खाद्य प्र-संस्करण तथा जल शक्ति प्रहलाद पटेल, सामाजिक न्याय तथा अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरूगन, मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री मौजूद रहे।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। विमानतल पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य नेताओं ने उनकी अगवानी की। प्रधानमंत्री यहां से हेलीकॉप्टर से जम्बूरी मैदान के हेलीपैड पर पहुंचे। जहां उनका जनजातीय वर्ग के समूहों ने स्वागत किया। यहां उन्होंने लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उस संदर्भ में कई लोगों से चर्चा भी की।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Source : IANS

      
Advertisment