logo-image

द्रौपदी मुर्मू के घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी जीत की बधाई

द्रौपदी मुर्मू के घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी जीत की बधाई

Updated on: 21 Jul 2022, 10:10 PM

नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के घर जाकर उन्हें राष्ट्रपति बनने की बधाई दी। इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उनके साथ मौजूद रहे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, ऐसे समय में जब 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तब पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की भारत की बेटी को हमारा राष्ट्रपति चुना गया है! श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को इस जीत पर हार्दिक बधाईयां।

प्रधानमंत्री ने द्रौपदी मुर्मू के संघर्ष को हर भारतीय के लिए प्रेरक बताते हुए आगे कहा, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन, उनके शुरूआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है। वह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से गरीबों, हाशिए पर और दलितों के लिए आशा की किरण के रूप में उभरी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने द्रौपदी मुर्मू के एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होने की बात कहते हुए कहा, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा। मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी।

मुर्मू की रिकॉर्ड जीत को भारतीय लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनका समर्थन करने वाले सभी सांसदों और विधायकों को धन्यवाद भी कहा।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.