logo-image

प्रधानमंत्री के सीधे संवाद से बढ़ा पन्ना प्रमुखों का मनोबल : संजय जायसवाल

प्रधानमंत्री के सीधे संवाद से बढ़ा पन्ना प्रमुखों का मनोबल : संजय जायसवाल

Updated on: 25 Jan 2022, 05:25 PM

पटना:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नमो एप के जरिए पूरे देश भर के पन्ना प्रमुखों से सीधा संवाद किया गया। जिसमें उन्होंने बूथ स्तर पर काम करने वाले लोगों से सीधा संवाद किया। इस कार्यकम का सीधा प्रसारण बिहार भाजपा प्रदेश मुख्यालय में किया गया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, हमारे कार्यकर्ता चाहे कितने भी बड़े पदों पर पहुंच जाए, उनके अंदर का कार्यकर्ता हमेशा जीवंत रहता है। भाजपा के बूथ स्तर पर काम करने वाले पन्ना प्रमुखों के साथ प्रधानमंत्री मोदी का सीधा संवाद इसी को दर्शाता है। शीर्ष और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच ऐसा सद्भाव केवल भाजपा में ही मुमकिन है।

कार्यक्रम में बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन, मुख्यालय प्रभारी सुरेश रुंगटा, दरभंगा विधायक संजय सारावगी, सोशल मीडिया व आईटी के संयोजक मनन कृष्ण सहित कई लोग उपस्थित रहे।

अध्यक्ष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमन्त्री मोदी द्वारा किया गया संवाद पन्ना प्रमुखों के मनोबल को बढ़ाने वाला था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कई कार्यकर्ताओं को फोन करके उनसे बातचीत की तथा साथ-साथ कार्यक्रम से जुड़े देशभर के कार्यकर्ताओं को कई विषयों पर अपना मार्गदर्शन भी दिया।

डॉ जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी पन्ना प्रमुखों को मतदाता सूची के पन्ने से जुड़े मतदाताओं और उनके परिजनों को अपने परिवार की तरह समझने और उनके सब सुख-दु:ख में सहभागी बनने का आग्रह किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुये भाजपा कार्यकर्ताओं को एक-एक वोट की शक्ति का महत्व समझाया। चुनावी लोकतंत्र को और अधिक समावेशी बनाने के लिए आजादी के अमृतकाल में होने वाले सभी चुनावों में कम से कम 75 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया भी किया।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.