भाजपा ने राजस्थान में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा ने कहा है कि देश में देश का कानून चलता है, लेकिन राजस्थान में अंधा कानून चलता है। राजस्थान में पीड़ित, शोषित और वंचितों की कोई नहीं सुनता है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 2019- 2020 के देश में क्राइम के जो आंकड़ें हैं, उनमें राजस्थान दुर्भाग्य से प्रथम स्थान पर है। राजस्थान की सरकार का एक ही लक्ष्य है, सत्ता में बने रहना। इसकी वजह से ही उन्होंने सबको खुली छूट दे रखी है। इसी कारण राज्य के हालात इतने खराब हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 2020 तक महिलाओं से जो अत्याचार हुए हैं, उन मामलों में करीब 50 प्रतिशत वृद्धि हुई है। राजस्थान कांग्रेस की सरकार में नोटों के आगे कुछ नहीं चलता है। राज्य में पीड़ित, शोषित और वंचितों की कोई नहीं सुनता है।
राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा, लॉकडाउन के समय जब पूरा देश कोरोना से लड़ रहा था। उस समय राजस्थान की महिलाएं और बच्चियां कोरोना के साथ साथ ऐसे हैवानों से भी खुद को बचा रही थी। क्योंकि इनको बचाने वाली वहां की सरकार आंख और कान बंद करके बैठी हुई थी।
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Source : IANS