logo-image

केंद्रीय मंत्रियों ने राज्यों में शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा

केंद्रीय मंत्रियों ने राज्यों में शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा

Updated on: 19 Aug 2021, 09:50 PM

नई दिल्ली:

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा गुरुवार को सभी राज्यों में शुरू हो गई, जिसमें केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किए गए नए मंत्रियों ने लोगों का आशीर्वाद लिया।

नए राज्य मंत्रियों (एमओएस) ने जहां 16-18 अगस्त से तीन दिनों के लिए यात्रा निकाली थी, वहीं नए शामिल किए गए कैबिनेट मंत्री 19-21 अगस्त से तीन दिनों के लिए यात्रा निकाल रहे हैं।

आशीर्वाद लेने के अलावा, यात्रा का उद्देश्य लोगों को यह बताना भी है कि कैसे विपक्षी दलों, मुख्य रूप से कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इन मंत्रियों, जो सामान्य पृष्ठभूमि से आए हैं, के साथ मानसून सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों में परिचय प्रक्रिया करने की भी अनुमति नहीं दी और वह हंगामा करने में ही व्यस्त रहे।

पिछले सात वर्षों में मोदी सरकार द्वारा अपनाए गए कल्याणकारी उपायों के बारे में लोगों को समझाने के अवसर के रूप में भी केंद्रीय मंत्री यात्रा का उपयोग कर रहे हैं।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, जिन्हें हाल ही में कैबिनेट फेरबदल के दौरान पदोन्नत किया गया है, ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली।

इसी तरह केंद्रीय श्रम मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने राजस्थान में लोगों का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने इससे पहले हरियाणा में लोगों का आशीर्वाद लिया था।

इस बीच, केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने तिरुमाला में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी की पूजा अर्चना करने के बाद अपनी यात्रा शुरू की। अपनी यात्रा के दौरान, रेड्डी ने अमर जवान की प्रतिमा पर शहीदों को सम्मान दिया और तिरुपति में श्री वेंकटेश्वर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसवीआईएमएस) के टीकाकरण केंद्र का दौरा किया।

पार्टी नेताओं के मुताबिक रेड्डी आठ लोकसभा और 17 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेंगे।

इसी तरह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने अपने गृह राज्य गुजरात में लोगों का आशीर्वाद लिया, जबकि पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्थानीय भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी के साथ दक्षिण दिल्ली में यात्रा में भाग लिया।

पिछले महीने केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद सभी नए कैबिनेट मंत्री पहली बार अपने गृह राज्यों में पहुंचे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और यात्रा के संयोजक तरुण चुघ ने पहले कहा था, केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल सभी 39 नए मंत्री 19 राज्यों में तीन दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान लोगों का आशीर्वाद लेंगे। सभी मंत्री मिलकर देश भर में 19,567 किलोमीटर, 212 लोकसभा क्षेत्रों और 265 जिलों को कवर करेंगे।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.