logo-image

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने 50 वर्ग मीटर तक क्षेत्रफल के आवासीय भूखंडों पर संपत्तिकर के भुगतान में दी छूट

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने 50 वर्ग मीटर तक क्षेत्रफल के आवासीय भूखंडों पर संपत्तिकर के भुगतान में दी छूट

Updated on: 27 Aug 2021, 09:40 PM

नई दिल्ली:

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने क्षेत्राधिकार में आने वाली 50 वर्ग मीटर तक क्षेत्रफल के आवासीय भूखंडों पर संपत्तिकर के भुगतान में छूट प्रदान करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने आज सदन की बैठक में बताया कि, निगम के इस निर्णय से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने आगे बताया कि, उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने सभी कर्मचारियों व अधिकारियों का जुलाई माह तक का वेतन जारी कर दिया है। इसके लिए उन्होंने सभी निगम पार्षदों, अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी।

इसके अलावा स्थायी समिति अध्यक्ष जोगी राम जैन ने बताया कि, नेता सदन छैल बिहारी गोस्वामी द्वारा सदन के पटल पर इस प्रस्ताव को रखा गया था जिसे निगम द्वारा पास कर दिया गया है।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले ग्रामीण लाल डोरे और विस्तारित लाल डोरे के नागरिकों को भी संपत्ति कर में राहत देने के लिए प्रस्ताव पारित कर दिया है।

उन्होंने बताया कि, ग्रामीण लाल डोरे और विस्तारित लाल डोरे में रहने वाले नागरिकों को वर्तमान वित्तीय वर्ष 2021-22 का संपत्तिकर का ही भुगतान करना होगा और बाकी बकाया संपत्ति कर में छूट प्रदान करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है। इसके साथ ही अनाधिकृत नियमित एवं अनाधिकृत कॉलोनियों के आवासीय सम्पत्ति करदाताओं को भी संपत्ति कर में छूट प्रदान करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि, अनाधिकृत नियमित एवं अनाधिकृत कॉलोनियों के आवासीय सम्पत्ति करदाताओं को चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 का संपत्तिकर जमा करवाना होगा और इससे पूर्व का बकाया संपत्तिकर माफ करने के लिए निगम ने प्रस्ताव पारित कर दिया है।

अनाधिकृत कॉलोनियों में गैर आवासीय सम्पत्तियों को वर्तमान वित्तीय वर्ष 2021-22 के साथ पिछले दो साल यानी वित्तीय वर्ष 2019-20 एवं वित्तीय वर्ष 2020-21 का संपत्तिकर जमा करवाना होगा और इससे पूर्व की संपत्ति कर में छूट प्रदान करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने कोरोना महामारी के कारण दिल्ली के नागरिकों को सामने उत्पन्न कठिनाइयों को देखते हुए निगम मूल्यांकन समिति-3 कि कुछ सिफारिशों को वापस लेने के लिए प्रस्ताव पारित कर दिया है।

ये सभी प्रस्ताव उत्तरी दिल्ली दिल्ली नगर निगम की आम सभा की बैठक में दिल्ली के नागरिकों को राहत प्रदान करने के लिए पारित किए गए हैं।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.