logo-image

नई दिल्ली: निगम ने डीटीसी डिपो में मच्छरों के प्रजनन का पता लगाने के लिए चलाया व्यापक अभियान

नई दिल्ली: निगम ने डीटीसी डिपो में मच्छरों के प्रजनन का पता लगाने के लिए चलाया व्यापक अभियान

Updated on: 20 Aug 2021, 11:30 PM

नई दिल्ली:

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के जन स्वास्थ्य विभाग ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले डी टी सी बस डिपो में मच्छरों के प्रजनन का पता लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत दक्षिणी निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 38 डी टी सी बस डिपो में मच्छरों के प्रजनन की जांच की गई तथा 23 बस डिपो में मच्छरों का प्रजनन पाया गया। मच्छरों के प्रजनन के पीछे मुख्य कारण- कबाड़, पुराने टायर, गमले, कूलर इत्यादि में वर्षा के जल का जमाव था।

निगम के जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा मच्छरों के प्रजनन स्थल पर मच्छर रोधी दवा का छिड़काव किया गया तथा डी टी सी कर्मचारियों को जल जमाव रोकने तथा जल जमाव के कारण होने वाले मच्छरों के प्रजनन के बारे में जागरूक किया गया।

द्वारका सेक्टर पर-22, द्वारका सेक्टर-2, द्वारका सेक्टर-सी, सुखदेव विहार, खानपुर, वसंत विहार, दिचाऊ कलां स्थित डी टी सी डिपो एवं डी टी सी क्लस्टर बस डिपो में मच्छरों का प्रजनन पाया गया।

जन स्वास्थ्य विभाग ने डी टी सी के कर्मचारियों एवं बस डिपो के आस पास स्थित कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों को मच्छरों के प्रजनन के बारे में जागरुक करने के लिए हैंडबिल, बैनर, स्टीकर एवं जन संबोधन का इस्तेमाल किया।

मच्छरों का प्रजनन पाए जाने वाले बस डिपो के अभिरक्षक एवं डिपो मैनेजर पर कार्यवाही करते हुए दक्षिणी निगम के जनस्वास्थ्य विभाग ने 20 कानूनी नोटिस एवं 1 चालान किया।

इसके साथ ही दक्षिणी निगम के सभी उप स्वास्थ्य अधिकारियों को मच्छरों के प्रजनन के विरुद्ध अभियान चलाने के लिए डिपो मैनेजर के साथ मिलकर कार्य करने के लिए निर्देश दिए गए तथा मच्छरों के प्रजनन न रोक पाने वाले डिपो मैनेजर के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही करने के आदेश भी दिए गए।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.