पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को गिरफ्तार किए गए भारतीय नागरिक 'नबी शेख' के मामले में नया मोड़ सामने आया है। महाराष्ट्र एटीएस ने आशंका जताई है कि उसका संबंध सिमी से हो सकता है।
महाराष्ट्र का आतंकनिरोधी दस्ता (ATS) इस मसले पर भारत सरकार के संपर्क में है। दरअसल, एटीएस को प्रतिबंधित इस्लामिक संगठन सिमी (SIMI) से जुड़े लोगों की पूछताछ में 2005-06 में किसी नबी नाम के शख्स के बारे में जानकारी मिली थी।
महाराष्ट्र एटीएस ने हालांकि कहा है कि वह फिलहाल इस बात की तस्दीक नहीं कर सकती कि पाकिस्तान में जो व्यक्ति गिरफ्तार हुआ है, वह सिमी से जुड़ा रहा आदमी है या कोई और। महाराष्ट्र एटीएस के मुताबिक वह इस मसले पर और जानकारी के लिए भारत सरकार से संपर्क में है।
बता दें कि पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान में गिरफ्तार भारतीय शख्स के पास पूरे कागजात नहीं थे। भारतीय नागरिक की गिरफ्तारी के बाद विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वो इस मामले में तथ्यों की जांच कर रहा है।
बहरहाल, नबी की गिरफ्तारी के बाद से इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने पाकिस्तानी अधिकारियों से बात की है। सूत्रों के मुताबिक भारतीय उच्चायोग ने पाकिस्तान से गिरफ्तार व्यक्ति से जुड़ी और जानकारी मांगी है। नबी को फिलहाल पाकिस्तान में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: कान फेस्टिवल 2017: सोनम कपूर की इन तस्वीरों को देखने के बाद किसी भी उड़ जाएगी नींद
यह भी पढ़ें: IPL 2017: 10,662 रन सिर्फ बाउंड्री से बने जानिए आईपीएल 10 में बने अन्य रिकॉर्ड्स के बारे में
Source : News Nation Bureau