बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका आश्रय गृह मामले पर राजनीति लगातार तेज होती जा रही है। लड़कियों के साथ हुए यौन शोषण की जैसे विभत्स घटना पर बिहार में सत्ताधारी नीतीश सरकार पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव दिल्ली के जंतर मंतर से निशाना साधेंगे। आरजेडी के इस धरने में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई विपक्ष के नेता शामिल होंगे।
राहुल गांधी के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की खबर पर बीजेपी सांसद मीनाक्षी लेखी ने निशाना साधा है।
मीनाक्षी लेखी ने कहा, 'राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन में क्या होता है। यहां तक कि प्रियंका गांधी को भी सुरक्षा को लेकर आश्वासन नहीं दिया जा सकता है। अब तेजस्वी यादव उसका हिस्सा हैं, ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा नहीं हो सकती।'
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित धरने में कांग्रेस के साथ ही समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत कई अन्य राजनीतिक पार्टियां भाग लेंगी।
शुक्रवार को मुजफ्फरपुर कांड पर पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुप्पी तोड़ते हुए इसे शर्मनाक बताया। नीतीश कुमार ने कहा कि इस घटना ने शर्मसार किया और पीड़ा पहुंचाई है। उन्होंने बिहार के लोगों को यह भी भरोसा दिलाया कि कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सिफारिश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो ने इस आश्रय गृह दुष्कर्म मामले की जांच अपने हाथों में ले ली।
इस मामले को लेकर विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर निशाना साध रहा है।
बता दें कि मुजफ्फरपुर आश्रय गृह मामला तब प्रकाश में आया, जब बिहार समाज कल्याण विभाग ने मुंबई के टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) द्वारा बिहार के सभी आश्रय गृहों का सर्वेक्षण करवाया था, जिसमें आश्रय गृह की बच्चियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया। इस सोशल ऑडिट के आधार पर मुजफ्फरपुर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
और पढ़ें: SC मुजफ्फरपुर बालिका गृह रेप पीड़िताओं की पहचान उजागर करने पर लगाई रोक, बिहार सरकार से मांगा जवाब
Source : News Nation Bureau