logo-image

बारिश के बाद लोगों ने की BMC की धुलाई, ट्विटर पर मदद के लिए आगे आए मुंबईकर

बारिश ने वृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने की वजह से कई इलाकों में सड़कों और घरों में पानी जमा है।

Updated on: 29 Aug 2017, 10:53 PM

नई दिल्ली:

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति है। सामान्य जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त है। लोकल ट्रेन और बस सेवाएं भी बुरी तरह से प्रभावित है।

बारिश ने वृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने की वजह से कई इलाकों में सड़कों और घरों में पानी जमा है।

मुंबईकरों ने बारिश के बाद ट्वीटर बीएमसी को खड़ी खोटी सुनाई। विरोधी दलों ने भी बीजेपी-शिवसेना शासित बीएमसी के कार्यशैली पर सवाल उठाए। #MumbaiRains मंगलवार को पूरे दिन ट्विटर पर ट्रेंड करता रहा।

आपको बता दें कि बीएमसी का बजट 37,000 करोड़ रुपये से भी ज्‍यादा है। यह कोलकाता, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे 10 बड़ी निकाय बॉडी के लगभग बराबर है।

सड़कों पर जलभराव के कारण लोग कई जगहों पर फंसे हैं। बारिश के चलते किसी तरह की मुश्किल में फंसे लोगों के लिए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने हेल्पलाइन नंबर 1916 भी जारी किया है।

मुंबई पुलिस ने भी भारी बारिश में फंसे लोगों के लिए ट्वीट कर बताया है कि अगर आप भी कहीं सड़क फंस गए हैं तो फिर 100 नंबर डायल करें या फिर हमारे साथ ट्विटर पर संपर्क करें। वहीं आम लोग भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं।