/newsnation/media/post_attachments/images/2017/09/29/19-MumbaiStampede.jpg)
मुंबई में हुए हादसे को लेक रेलवे ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश (फाइल फोटो)
मुंबई में परेल-एल्फिंस्टन स्टेशनों को जोड़ने वाले एक संकरे रेलवे फुटओवर ब्रिज पर मची भगदड़ में 22 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं करीब 30 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) आपदा नियंत्रण अधिकारी ने बताया कि इस घटना में 24 लोग घायल हो गए हैं जिनमें से छह की हालत गंभीर है। घायलों को परेल के कीईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट की अफवाह के बाद यह भगदड़ हुई।
घटना के समय अचानक बारिश होने से पुल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।
रेलवे ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश
रेल मंत्रालय ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
वहीं महाराष्ट्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया है वहीं घायलों का इलाज मुफ्त किया जाएगा।
और पढ़ें: जाने एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन से पहले कहां हुई भगदड़, कितनों की गई जान?
यह त्रासदी रेल मंत्री पीयूष गोयल के शुक्रवार को मुंबई पहुंचने से ठीक पहले हुई। गोयल यहां पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे के लिए कई नई सेवाओं की शुरुआत करने वाले थे।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को मुंबई भगदड़ की घटना पर शोक जताया। राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा, 'मुंबई में भगदड़ की वजह से हुई मौतों को लेकर दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं व घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं।'
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मामले में दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जाहिर की है।
उन्होंने कहा, 'मुंबई में स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और रेल मंत्री पीयूष गोयल मौके पर मौजूद हैं, और मामले पर नजर बनाए हुए हैं।'
और पढ़ें: मुंबई भगदड़: रेलवे इस FB पोस्ट पर लेता संज्ञान तो शायद टल जाता हादसा
HIGHLIGHTS
- मुंबई में रेलवे फुटओवर ब्रिज पर मची भगदड़ में 22 यात्रियों की मौत हो गई
- हादसे में करीब 30 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है
- रेलवे में घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं
Source : News Nation Bureau