logo-image

दिल्ली में तीनों निगम महापौर चलाएंगे विभिन्न अभियानों का सिलसिला

दिल्ली में तीनों निगम महापौर चलाएंगे विभिन्न अभियानों का सिलसिला

Updated on: 23 Sep 2021, 11:15 PM

नई दिल्ली:

दिल्ली निगमों के महापौर द्वारा गुरुवार को एक संयुक्त प्रेस वार्ता की, इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे सेवा ही समर्पण अभियान के अंतर्गत दिल्ली के नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं प्रदान करने के लिए तीनों नगर निगम द्वारा विभिन्न अभियान चलाए जायेंगे।

तीनों निगम विशेष रूप से मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध, सूखा राशन कार्य वितरण, चलो स्कूल प्रोग्राम, कोविड से बचाव के लिए टीकाकरण, सफाई व्यवस्था, पौधारोपण अभियान, दिल्ली कूड़ा मुक्त अभियान व प्रदूषण मुक्त अभियान चलाएंगे।

इस अवसर पर दक्षिणी निगम के महापौर मुकेश सुर्यान, उत्तरी निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह, पूर्वी निगम के महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल द्वारा इन अभियानों के बारे में बताया गया।

पहले दक्षिणी निगम के महापौर मुकेश सुर्यान ने कहा कि, अगले 6 महीने में दिल्ली को कचरा मुक्त किया जायेगा और सभी ढलाव घरों पर कूड़े के निष्पादन के लिए एफ.सी.टी.एस. लगाए जायेंगे। इसके लिए निगम 1136 आटो टिप्पर द्वारा घर-घर जाकर नियमित रूप से कूड़ा उठाने का कार्य कर रहा है साथ ही बड़ी सड़कों की सफाई के लिए 24 मैकेनिकल स्वीपर मशीन कार्यरत हैं।

वहीं सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के लिए 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जायेगा।

उन्होंनें कहा कि, दक्षिणी निगम के विद्यालयों में चलो स्कूल प्रोग्राम के तहत अभी तक 94000 बच्चों का दाखिला हो चुका है। निगम द्वारा ऑनलाइन क्लास के लिए 5000 टैबलेट वितरित किये जायेंगे।

मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं और डी.बी.सी. कर्मचारियों द्वारा फॉगिंग कराई जा रही है।

दक्षिणी निगम अस्थायी कर्मचारियों को नियमित कर रहा है। मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को करूणामूलक आधार पर नियमित किया जायेगा। जनता की समस्याओं की सुनवाई के लिए एक विशेष कार्यक्रम आर.डब्ल्यू.ए की बात पार्षद के साथ भी चलाया जा रहा है।

इसके अलावा उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि, उत्तरी निगम पीएम मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा व समर्पण अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, पौधारोपण अभियान, दिल्ली कूड़ा मुक्त अभियान व प्रदूषण मुक्त अभियान चलाएगी।

पूर्वी दिल्ली के महापौर श्याम सुन्दर अग्रवाल ने कहा कि, क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना निगम का प्राथमिक दायित्व है। इस दिशा में कार्य करते हुए पूर्वी निगम ने क्षेत्र के ढलावघरों को बंद कर कॉम्पैक्टर प्लांट लगाने का निर्णय लिया है। पूर्वी निगम की 37 कॉम्पैक्टर प्लांट लगाने की योजना है जिसमें से 16 प्लांट लगाये जा चुके हैं।

वहीं लेफ्ट आउट कर्मचारियों को नियमित करने के दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि, 2024 गाजीपुर लैंडफिल साइट पर से कूड़े के पहाड़ को खत्म का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे पूरा करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। अभी तक निगम ने कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई को 15 मीटर तक कम कर लिया है।

महापौर ने बताया कि पूर्वी निगम में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सभी वाडरें में पार्षर्दों की अगुवाई में सिगंल प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया जायेगा। इसके अन्तर्गत क्षेत्र में जाकर लोगों को प्लास्टिक से होने वालों दुष्प्रभावों के बारे में बताया जायेगा और अपशिष्ट प्लास्टिक इकट्ठा किया जायेगा।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.