राज्यसभा सांसद और दिग्गज किक्रेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और परेशान करने का मामला सामने आया है।
एक शख्स काफी लंबे समय से सारा तेंदुलकर को फोन कर परेशान कर रहा था। मुंबई पुलिस ने रविवार को इस आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है।
खबरों के मुताबिक सारा तेंदुलकर ने मुंबई के बांद्रा थाने में कुछ समय पहले यह शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें कोई फोन पर लगातार परेशान करता है। वह उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग करता है। इतना ही नहीं, वह उन्हें शादी के लिए प्रपोज भी करता था।
पुलिस ने बताया कि सारा की शिकायत के बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई थी। इसके लिए पुलिस ने फोन टावर के लोकेशन भी ट्रैक किए। फोन पर बदसलूकी करने वाले इस शख्स को रविवार को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक आरोपी की पहचान बंगाल के देवकुमार मैती के तौर पर हुई है। मुंबई पुलिस ने कोलकाता पुलिस के सहयोग से इसे गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस आरोपी देवकुमार मैती से फिलहाल पूछताछ कर रही है।
और पढ़ेंः मध्य प्रदेशः विराट कोहली के सस्ते में आउट होने से फैन ने लगाई आग
Source : News Nation Bureau