8 राज्यों की 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के गुरुवार को नतीजे आएंगे। ज्यादातर सीटों पर बीजेपी, कांग्रेस में मुख्य मुकाबला है। वहीं दिल्ली के राजौरी गार्डन सीट आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है।
बीजेपी ने 10 में से 2 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि 3 सीटों पर आगे हैं। कर्नाटक के दो सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है।
दिल्ली (राजौरी विधानसभा सीट)
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव से पहले राजौरी विधानसभा सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस उम्मीदवार रहे। जबकि आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर पर रही।
आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जरनैल सिंह ने पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की वजह से राजौरी गार्डन सीट से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद से यह सीट खाली हुई थी।
मध्य प्रदेश (अटेर और बांधवगढ़ विधानसभा सीट)
मध्यप्रदेश के अटेर और बांधवगढ़ सीट विधानसभा सीट पर नतीजे आएंगे। दोनों ही सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है।
अटेर सीट पर रविवार को 60 फीसदी और बांधवगढ़ सीट पर 85 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया था। प्रदेश में पहली बार दोनों उपचुनाव में ईवीएम के साथ वीवीपीवीटी का उपयोग हुआ।
अटेर में 21 और बांधवगढ़ में पांच उम्मीदवार विधानसभा चुनाव मैदान में हैं। अटेर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अरविंद सिंह भदौरिया, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के हेमंत कटारे और समाजवादी पार्टी के दिनेश सिंह के बीच मुख्य मुकाबला है, जबकि बांधवगढ़ में कांग्रेस की सावित्री सिंह और भाजपा के शिवनारायण सिंह के बीच मुख्य मुकाबला है।
राजस्थान (धौलपुर विधानसभा सीट)
राजस्थान के धौलपुर विधानसभा सीट पर मुख्य रूप से कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुकाबला है। शुरुआती रुझान में बीजेपी उम्मीदवार शोभा रानी कुशवाहा आगे चल रही हैं।
रविवार को उप-चुनाव के लिए हुए मतदान में 77 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। धौलपुर विधानसभा सीट पिछले साल रिक्त हो गई थी, जब बसपा विधायक बनवारी लाल कुशवाहा हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए थे।
कर्नाटक (2 विधानसभा सीट)
दक्षिणी कर्नाटक में दो विधानसभा सीटों गुंडलुपेट और नंजनगुड सीट पर मतगणना जारी है। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। पूर्व कांग्रेस विधायक और राजस्व मंत्री श्रीनिवास प्रसाद के इस्तीफे के बाद मैसूर जिले के नंजनगुड़ (अनुसूचित जाति) पर उपचुनाव हुआ है।
और पढ़ें: अमरिंदर ने अपनी ही पार्टी पर उठाए सवाल, कहा- अगर मशीन से छेड़छाड़ होती तो सत्ता में मैं नहीं, अकाली होते
पश्चिम बंगाल (कांथी दक्षिण विधानसभा सीट)
पश्चिम बंगाल के कांथी दक्षिण विधानसभा सीट पर रविवार को हुए उपचुनाव के बाद आज मतगणना हो रही है। कांथी दक्षिण सीट पर टीएमसी उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। यहां 82 फीसदी मतदान हुआ है।
झारखंड (लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट)
झारखंड के लिट्टीपाड़ा विधानसभा पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का उम्मीदवार आगे है। झारखंड मुक्ति मोर्चा पिछले 40 सालों से इस सीट को जीतता आ रहा है। भाजपा इस सीट को हासिल करने की पुरजोर कोशिश कर रही है। भाजपा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री हेमलाल मुरमु को मैदान में उतारा है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक बार फिर कद्दावर नेता सिमोन मरांडी को उतारा है। इस साल जनवरी में दिल का दौरा पड़ने से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक अनिल मुरमु के देहांत के बाद इस सीट पर चुनाव की जरूरत पड़ी।
असम (धेमाजी विधानसभा सीट)
असम विधानसभा के धेमाजी सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है। असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के अपने संसदीय सीट से इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रधान बरुआ के लखीमपुर निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य चुने जाने के बाद यहां उप चुनाव जरूरी हो गया था।
और पढ़ें: केजरीवाल को EC की चुनौती EVM मशीन हैक करके दिखाएं
हिमाचल (भोरंज विधानसभा सीट)
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा क्षेत्र की भोरंज सीट पर गुरुवार को जीत दर्ज कर ली। भाजपा के अनिल धीमान ने कांग्रेस की प्रमिला देवी को 8,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, रविवार को पड़े कुल 46,848 वोटों में से धीमान को 24,434 वोट मिले, जबकि प्रमिला देवी को 16,144 वोट मिले।
आईपीएल 10 से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए यहां क्लिक करें
HIGHLIGHTS
- 8 राज्यों की 10 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी
- 10 में से 5 सीटों पर बीजेपी आगे, कांग्रेस 2, टीएमसी 1 और जेएमएम 1 सीटों पर आगे
- दिल्ली के राजौरी सीट पर 'आप' को बड़ा झटका, रुझान में तीसरे नंबर पर चल रही है आप
Source : News Nation Bureau