logo-image

झारखंड विधानसभा में नमाज कक्ष का विरोध करते भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

झारखंड विधानसभा में नमाज कक्ष का विरोध करते भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

Updated on: 09 Sep 2021, 12:15 AM

रांची:

झारखंड विधानसभा के अंदर नमाज अदा करने के लिए एक विशेष कमरा आवंटित करने के कदम का बुधवार को विरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें राज्य इकाई के प्रमुख दीपक प्रकाश सहित कई भाजपा कार्यकर्ता कथित तौर पर घायल हो गए।

विधानसभा सत्र के दौरान नमाज अदा करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष द्वारा एक कमरे के आवंटन के विरोध में सोमवार को भाजपा विधायकों ने झारखंड विधानसभा के अंदर जय श्रीराम, हर हर महादेव के नारे लगाए।

भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को मीडिया से कहा, पुलिस लाठीचार्ज में निर्दोष पार्टी कार्यकर्ताओं और महिलाओं सहित कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए।

भाजपा ने बुधवार को विधानसभा परिसर के अंदर नमाज अदा करने के लिए अलग कमरा आवंटित करने की अधिसूचना के विरोध में राज्य विधानसभा परिसर का घेराव किया।

विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर नाराजगी व्यक्त करने के लिए सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा में एकत्र हुए। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ने की भी कोशिश की।

पुलिस ने लाठीचार्ज करने से पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। भाजपा झारखंड अध्यक्ष दीपक प्रकाश के हाथ में चोट लगने की खबर है।

मरांडी ने दावा किया कि उन पर हमला करने की भी कोशिश की गई, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए तैनात जवानों ने उन्हें बचा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार असहमति की सभी आवाजों को दबाना चाहती है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में एक विशेष समुदाय के लिए एक कमरे का आवंटन सही नहीं है और पार्टी ऐसे सभी तुष्टीकरण कार्यो का विरोध करेगी।

घटना में घायल हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को धुर्वा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.